
उदित वाणी जमशेदपुर:
झारखंड अधिविद्य परिषद (जैक) द्वारा आयोजित वार्षिक माध्यमिक एवं इंटरमीडिएट परीक्षा 2026 का आयोजन 3 फरवरी से 23 फरवरी तक किया जाएगा. जिले में कुल 39,643 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल होंगे.
परीक्षार्थियों का वर्गवार विवरण
जैक 10वीं बोर्ड परीक्षा में जिले के 21,301 परीक्षार्थी शामिल होंगे. वहीं इंटरमीडिएट परीक्षा में कुल 18,342 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे, जिनमें कला संकाय से 10,183, विज्ञान संकाय से 4,657 तथा वाणिज्य संकाय से 3,502 परीक्षार्थी सम्मिलित हैं.
परीक्षा केंद्रों की व्यवस्था
मैट्रिक परीक्षा के लिए जिले में कुल 67 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं. इनमें घाटशिला अनुमंडल में 23 तथा धालभूम अनुमंडल में 44 केंद्र शामिल हैं.
इंटरमीडिएट परीक्षा के लिए कुल 34 परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए हैं, जिनमें घाटशिला अनुमंडल में 12 एवं धालभूम अनुमंडल में 22 केंद्र बनाए गए हैं.
परीक्षा की समय-सारिणी
माध्यमिक परीक्षा प्रथम पाली में प्रातः 9.45 बजे से 1.00 बजे तक आयोजित होगी.
इंटरमीडिएट परीक्षा (कला, विज्ञान एवं वाणिज्य) द्वितीय पाली में अपराह्न 2.00 बजे से 5.15 बजे तक होगी.
परीक्षा अवधि में धारा 144 प्रभावी
परीक्षा के शांतिपूर्ण संचालन को लेकर 3 से 23 फरवरी तक सभी परीक्षा केंद्रों के 100 मीटर की परिधि में धारा 144 प्रभावी रहेगी.
परीक्षार्थियों के लिए दिशा-निर्देश
परीक्षा हॉल में मोबाइल फोन सहित किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक गैजेट का प्रयोग पूर्णतः वर्जित रहेगा.
सभी परीक्षार्थियों को परीक्षा प्रारंभ होने से कम से कम 30 मिनट पूर्व परीक्षा केंद्र पर उपस्थित होना अनिवार्य होगा.
कदाचार मुक्त परीक्षा को लेकर प्रशासन सतर्क
उपायुक्त श्री कर्ण सत्यार्थी के निर्देशानुसार शनिवार को सिदगोड़ा टाउन हॉल में माध्यमिक एवं इंटरमीडिएट परीक्षा 2026 के सफल संचालन तथा विधि-व्यवस्था को लेकर केंद्राधीक्षकों एवं प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों की बैठक आयोजित की गई. बैठक में परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं कदाचार मुक्त ढंग से संपन्न कराने को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए.
उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि स्वच्छ वातावरण में निष्पक्ष परीक्षा कराना प्रशासन की सामूहिक जिम्मेदारी है. औचक निरीक्षण के दौरान यदि कोई परीक्षार्थी कदाचार करते हुए पाया जाता है, तो उसके विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी.
परीक्षा केंद्रों पर मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश
निदेशक एनईपी सह अपर उपायुक्त श्री संतोष गर्ग ने कहा कि परीक्षा के लिए प्रतिनियुक्त स्टैटिक एवं पेट्रोलिंग मजिस्ट्रेट तथा पुलिस पदाधिकारी पूरी सतर्कता के साथ कदाचार मुक्त परीक्षा संचालन सुनिश्चित करें.
एसडीओ घाटशिला श्री सुनील चंद्रा ने केंद्राधीक्षकों को परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरा लगाने एवं उसकी नियमित मॉनिटरिंग, परीक्षार्थियों के लिए पेयजल, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, शौचालय सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. साथ ही प्रश्न पत्र एवं उत्तर पुस्तिकाओं की समय पर आपूर्ति के लिए सभी तैयारियां पूर्व में पूर्ण करने को कहा गया.
बैठक में उपस्थित अधिकारी
बैठक में निदेशक एनईपी सह अपर उपायुक्त श्री संतोष गर्ग, एडीएम एसओआर श्री राहुल जी आनंद, एसडीओ घाटशिला श्री सुनील चंद्रा, कार्यपालक दंडाधिकारी श्री चन्द्रजीत सिंह, जिला शिक्षा पदाधिकारी मनोज कुमार, जिला शिक्षा अधीक्षक आशीष कुमार पांडेय सहित प्रतिनियुक्त जिला स्तरीय पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं सभी केंद्राधीक्षक उपस्थित थे.

