
उदित वाणी, रांची : 1 अगस्त से 7 अगस्त तक आहूत झारखंड विधानसभा के मानसून सत्र के दौरान 4 अगस्त को प्रथम अनुपूरक व्यय बजट पेश किया जायेगा. जबकि 5 अगस्त को मतविभाजन के पश्चात संबंधित विनियोग विधेयक को पारित किया जायेगा. वहीं 1 अगस्त को सत्र की औपचारिक शुरुआत के बाद किसी सदस्य के शपथ ग्रहण की स्थिति में शपथ ग्रहण के बाद राज्यपाल द्वारा अनुमोदित प्रतियों को सदन पटल पर रखा जायेगा और शोक प्रकाश के बाद सदन 4 अगस्त की पूर्वाहन 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दी जायेगी.
राज्यपाल की मंजूरी के बाद मानसून सत्र की औपबंधिक कार्यक्रमों की अधिसूचना जारी कर दी गई है. वहीं 2 और 3 अगस्त को क्रमशः शनिवार और रविवार होने के कारण अवकाश रहेगा. 6 अगस्त को प्रश्नकाल के बाद राजकीय विधेयकों पर चर्चा और अन्य सरकारी कार्यों का संचालन किया जायेगा. 7 अगस्त को अंतिम दिन प्रश्नकाल, राजकीय विधेयक और अंत में सदस्यों द्वारा गैर सरकारी संकल्प पेश किया जायेगा और संकल्पों पर चर्चा की जायेगी.
