
उदित वाणी, गिरिडीह : झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (जेलोकामो) ने राज्य के छात्रों और युवाओं के अधिकारों की रक्षा तथा लंबित समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर मंगलवार को ‘छात्र अधिकार पदयात्रा’ की शुरुआत की. इस पदयात्रा का आगाज डुमरी के चिरैया मोड़ से हुआ, जहाँ बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और छात्र मौजूद थे. डुमरी विधायक जयराम महतो ने हरी झंडी दिखाकर पदयात्रा को रवाना किया.
कार्यक्रम के अनुसार, पदयात्रा डुमरी से निकलकर बगोदर, बिष्णुगढ़, हजारीबाग और रामगढ़ होते हुए रांची पहुंचेगी. इसका समापन 09 दिसंबर को विधानसभा धरना स्थल पर होने वाली विशाल जनसभा के साथ किया जाएगा. आयोजकों ने बताया कि इसमें राज्यभर से छात्र और युवा बड़ी संख्या में शामिल होंगे.
पदयात्रा के माध्यम से खतियान आधारित स्थानीय नीति और नियोजन नीति को तत्काल लागू करने, लंबित छात्रवृत्तियों का भुगतान सुनिश्चित कराने, जेपीएससी, जेएसएससी और जे-टेट परीक्षाओं के परिणाम शीघ्र जारी करने की मांग उठाई गई. इसके साथ ही सरकार से हर वर्ष नियमित परीक्षा कैलेंडर जारी करने और राज्य के सभी रिक्त सरकारी पदों पर शीघ्र नियुक्ति प्रक्रिया शुरू करने की मांग भी की गई है.
इस अवसर पर विधायक जयराम महतो ने कहा कि राज्य के छात्र और युवा लंबे समय से उपेक्षा का सामना कर रहे हैं. उन्होंने कहा, “अब यह संघर्ष सिर्फ आवाज़ नहीं, आंदोलन बनेगा — जब तक हक़ नहीं मिलेगा, लड़ाई जारी रहेगी.”

