कोल्हान के तीनों जिला के सभी पंचायत से 10 हजार पदाधिकारी लेंगे शपथ, पार्टी सुप्रीमो सुदेश कुमार महतो के अलावा अन्य पदाधिकारी होंगे शामिल
उदित वाणी, जमशेदपुर: आजसू का कोल्हान प्रमंडलीय कार्यकर्ता सम्मेलन आगामी 18 अक्टूबर को चांडिल डैम परिसर में होने जा रहा है. पार्टी के केंद्रीय प्रधान महासचिव रामचंद्र सहिस ने बताया कि प्रमंडलीय सम्मेलन में कोल्हान के तीनों जिला के सभी प्रखंड के सभी पंचायत स्तर के सभी केंद्रीय पदाधिकारी, जिला पदाधिकारी, प्रखंड पदाधिकारी, पंचायत पदाधिकारी, नगर के सभी पदाधिकारी एवं अनुषंगी इकाई के सभी पदाधिकारी शपथ समारोह में भाग लेंगे, कार्यक्रम में 10 हजार पदेन पदाधिकारी एक साथ शपथ लेंगे, साथ ही राज्य के ज्वलंत विषयों के साथ साथ सांगठनिक विषयों पर प्रमुखता से चर्चा होगी.
सम्मेलन के बाद मिले निर्देशों के साथ पार्टी नई ऊर्जा के साथ जनता के बीच जन मुद्दों के साथ आंदोलन करेगी और वर्तमान सरकार के द्वारा जनता से किए वादों और किए कार्यों को समीक्षा कर सरकार को घेरने के लिए कार्यकर्ताओं को जागरूक करने कार्य करेगी. इसके साथ ही राज्य में हो रहे महिलाओं पर अत्याचार और बढ़ते भ्रष्टाचार के खिलाफ आजसू नए तेवर के साथ आंदोलन करेगी.
सम्मेलन को सफल बनाने के लिए तीनों जिला में क्रमश: 11 अक्टूबर को सरायकेला, 12 अक्टूबर को पूर्वी सिंहभूम और 13 को पश्चिम सिंहभूम में पदाधिकारियो संग बैठक करने का निर्देश दिया गया है, ताकि प्रखंड और नगर के सभी पदाधिकारी कार्यक्रम में अपनी सहभागिता निभा सकें.
प्रेसवार्ता में रामचंद्र सहिस, ईचागढ़ प्रभारी हरेलाल महतो, जिला प्रभारी सह केंद्रीय सचिव रविशंकर मौर्य, केंद्रीय सचिव सुषेण महतो, जिला अध्यक्ष पूर्वी सिंहभूम कन्हैया सिंह, पश्चिम सिंहभूम जिला अध्यक्ष राम लाल मुंडा, जिला प्रवक्ता अप्पू तिवारी और फणिभूषण महतो आदि मौजूद रहे.
उदित वाणी टेलीग्राम पर भी उपलब्ध है। यहां क्लिक करके आप सब्सक्राइब कर सकते हैं।