
उदित वाणी, जमशेदपुर: परसुडीह थाना अंतर्गत प्रमथनगर स्थिति अर्धनिर्मित आकृति फ्लैट के छह तल्ले से कूदकर एक युवक ने आत्महत्या का प्रयास किया. घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी. सूचना पाकर परसुडीह पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया जहां उसकी स्थिति को देखते हुए एमजीएम रेफर कर दिया गया. युवक की पहचान एमजीएम थाना क्षेत्र के पिपला स्थित कालाझोर गांव निवासी 25 वर्षीय सुकुमार कर्मकार के रूप में की गई है. सुकुमार के सिर पर गंभीर चोटें आई है. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सुकुमार फ्लैट के पास आया और दौड़ते हुए फ्लैट की छत पर चढ़ गया. जब तक लोग कुछ समझ पाते वह फ्लैट से नीचे कूद गया. फ्लैट वासियों का कहना है कि फ्लैट मालिक ने फ्लैट का काम आधा अधूरा छोड़ फरार हो गया है जिससे फ्लैट का काम भी पूरा नहीं हुआ है. फ्लैट में सिक्योरिटी गार्ड भी नही है जिससे आए दिन छोटी मोटी घटनाएं होती रहती है. इधर, पुलिस सुकुमार के परिजनों से संपर्क करने का प्रयास कर रही है.

