
उदित वाणी, जमशेदपुर : मानगो थाना क्षेत्र के आजाद नगर में सोमवार देर रात एक युवक के साथ मारपीट, गाड़ी का शीशा तोड़ने और पिस्टल लहराकर धमकाने का मामला सामने आया है। पीड़ित 36 वर्षीय जोहर अली, रोड नंबर 7 मदीना मस्जिद के पास किराए के मकान में रहते हैं। उन्होंने मानगो थाना में दर्ज शिकायत में बताया कि सोमवार रात वह अपनी तीन भतीजियों को लेकर आशियाना शहर से आजाद नगर लौट रहे थे।
रात लगभग साढ़े 10 बजे के करीब, मदीना मस्जिद के पास उनकी थार गाड़ी को सामने से एक बिना नंबर प्लेट वाली ब्रेजा कार ने जोरदार टक्कर मार दी। इसके बाद कार सवार 3-4 युवक बाहर निकले और जोहर अली के साथ धक्का-मुक्की करने लगे। इस दौरान उन्होंने अपशब्द कहे और धमकी दी। पीड़ित का आरोप है कि ये युवक टक्कर मारने के बाद भी नहीं रुके, बल्कि उनके पीछे-पीछे उनके घर तक पहुंच गए।
जोहर अली ने बताया कि रोड नंबर 7, मदीना मस्जिद के पास युवकों ने उनकी गाड़ी पर पत्थर से हमला कर शीशा तोड़ दिया। यही नहीं, एक युवक ने पिस्टल लहराकर उन्हें डराने की कोशिश की। इस घटना से वे और उनके परिवार के सदस्य दहशत में आ गए। जोहर अली ने मानगो थाना पुलिस से निवेदन किया है कि इस गंभीर मामले की जांच कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।
घटना की सूचना मिलते ही मानगो थाना पुलिस हरकत में आई और मामले की प्राथमिकी दर्ज कर ली। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, घटना स्थल और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके। वहीं, पुलिस ने आसपास के इलाकों में गश्त तेज कर दी है।
स्थानीय लोगों ने भी इस तरह की घटनाओं पर चिंता जताई है और रात के समय पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है। फिलहाल पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही सभी को पकड़कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

