
उदित वाणी, जमशेदपुर : सोनारी थाना क्षेत्र के दोमुहानी डोबो पुल पर शुक्रवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवती ने अचानक नदी में छलांग लगा दी। घटना के बाद पुल पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवती ने बिना कुछ कहे सीधे नदी में छलांग लगा दी।
युवती की पहचान बारीडीह निवासी सुमित्रा प्रमाणिक के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, सुमित्रा अपनी सहेली के साथ दोमुहानी घूमने आई थी। इस दौरान वह अपने मोबाइल फोन पर किसी से बात कर रही थी। बताया जा रहा है कि फोन पर उसका अपने बॉयफ्रेंड से किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ। बहस के बाद अचानक उसने यह खतरनाक कदम उठाया।
घटना की जानकारी मिलते ही सोनारी थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने तुरंत स्थानीय मछुआरों की मदद से नदी में युवती की तलाश शुरू कर दी। गोताखोरों और मछुआरों की टीम लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही है, लेकिन खबर लिखे जाने तक युवती का कुछ पता नहीं चल पाया है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि युवती अचानक पुल की रेलिंग पर चढ़ी और किसी के कुछ समझने से पहले ही नदी में कूद गई। प्रत्यक्षदर्शियों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
सोनारी थाना प्रभारी ने बताया कि घटना के कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस युवती के मोबाइल कॉल डिटेल्स खंगाल रही है और उसके परिजनों से भी पूछताछ की जा रही है। साथ ही सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया गया है।
फिलहाल पूरे इलाके में तनाव का माहौल है। लोग बड़ी संख्या में पुल के आसपास जमा हो गए हैं। पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करते हुए लोगों से अफवाह न फैलाने की अपील की है। घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।

