
उदित वाणी, जमशेदपुर : सोमवार को गोविंद विद्यालय, तमोलिया के सभागार में यंग इंडिया संगठन की ओर से मानसिक स्वास्थ्य विषयक कार्यशाला का आयोजन किया गया. इस कार्यशाला में कक्षा 9वीं से 12वीं तक के लगभग 190 विद्यार्थियों ने भाग लिया और मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियाँ प्राप्त कीं.

कार्यशाला में यंग इंडिया टीम की सदस्य मोक्षिता गौतम ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए बताया कि अच्छा मानसिक स्वास्थ्य बनाए रखने के लिए जंक फूड से बचना, मोबाइल-टीवी जैसे डिजिटल उपकरणों का सीमित उपयोग, शुद्ध भोजन, पर्याप्त नींद तथा सामाजिक संबंधों को मजबूत बनाना बेहद जरूरी है. उन्होंने छात्र-छात्राओं को सलाह दी कि वे अपनी किसी भी मानसिक या शारीरिक समस्या को छुपाएं नहीं, बल्कि चिकित्सक या विश्वासपात्र व्यक्ति से खुलकर बात करें.
इस मौके पर विद्यालय के सचिव अभिषेक शर्मा, प्राचार्या सुश्री कृष्णा मोदक, हेड ऑफ एचओडी नौशाद रजिया एवं अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएं भी उपस्थित रहे. विद्यालय प्रबंधन ने मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता जैसे विषयों पर ऐसी कार्यशालाओं के आयोजन को विद्यार्थियों के समग्र विकास के लिए बेहद उपयोगी बताया और भविष्य में भी ऐसे आयोजनों की निरंतरता का भरोसा दिलाया.

