
उदित वाणी, जमशेदपुर : एक्सएलआरआइ जमशेदपुर के फादर मैकग्राथ स्किल डेवलपमेंट सेंटर (एफएम-एसडीसी) ने अपनी स्किल डेवलपमेंट प्रोग्राम के पांचवें बैच का सर्टिफिकेशन समारोह कैंपस में आयोजित किया. इस बैच के 57 छात्रों-जिनमें दो राज्यों के ग्रामीण और वंचित समुदायों के युवा शामिल हैं-को प्रमाणपत्र वितरित किए गए.
बैच का विवरण
इस बैच में कंप्यूटर स्किल्स एवं डाटा एंट्री कोर्स के 43, गारमेंट एवं फैशन डिजाइनिंग के 6 तथा प्लंबिंग एवं इलेक्ट्रिकल वायरिंग इंटर्नशिप के 8 छात्र शामिल थे. सभी को गहन व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया गया, जिससे वे अपने क्षेत्र में महारथ हासिल कर सके. इससे पहले के बैचों से प्रशिक्षित कई छात्र स्कूलों, निजी कंपनियों, सरकारी कार्यालयों में नौकरी पा चुके हैं, जबकि कुछ ने स्वरोजगार का मार्ग अपनाया है.
प्रमुख वक्ताओं के उद्गार
सेंटर के कन्वीनर फादर डोनाल्ड डिसिल्वा एसजे ने छात्रों का स्वागत करते हुए बताया कि जेवियर कम्युनिटी कॉलेज (एक्ससीसी) ने अब तक 198 छात्रों को प्रशिक्षित किया है. एक्सएलआरआइ के डायरेक्टर फादर सेबेस्टियन जॉर्ज एसजे ने कहा कि आज रोजगार डिग्री से अधिक स्किल्स पर निर्भर करता है तथा निरंतर अपस्किलिंग आवश्यक है. जेसुइट प्रोविंशियल फादर जेरी कुटिना एसजे ने ईमानदारी और समाज के प्रति जिम्मेदारी पर बल दिया.
कार्यक्रम की खासियतें
प्रोग्राम कोऑर्डिनेटर फादर प्रवीण जोस एसजे ने बताया कि एक्सएलआरआइ ने पूरा प्रशिक्षण अपनी सामाजिक जिम्मेदारियों के तहत नि:शुल्क कराया, जिसमें कम्युनिकेशन स्किल्स और वर्कप्लेस रेडीनेस की ट्रेनिंग भी शामिल रही. इससे छात्रों को सरकारी सेवा, शिक्षा, उद्यमिता और कंस्ट्रक्शन क्षेत्र में अवसर प्राप्त हो रहे हैं. यह पहल एक्सएलआरआइ की समाज से जुड़ाव की मिशन को मजबूत करती है.

