
उदित वाणी, जमशेदपुर: मास्टर सोबरण मांझी जिला पुस्तकालय में इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय से संबंधित एक महत्वपूर्ण कार्यशाला(जागरूकता कार्यक्रम)का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय की समन्वयक डॉ. त्रिपुरा झा ने विद्यार्थियों को ओपन और डिस्टेंस लर्निंग के माध्यम से उच्च शिक्षा प्राप्त करने के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से जानकारी दी।
कार्यक्रम का मंच संचालन पुस्तकालयाध्यक्ष श्री कौशिक दत्ता ने कुशलता पूर्वक किया। उन्होंने उपस्थित विद्यार्थियों और अतिथियों का स्वागत करते हुए कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत की।
डॉ. त्रिपुरा झा ने इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय में प्रवेश प्रक्रिया, पाठ्यक्रमों की विशेषताएँ, अध्ययन सामग्री, ट्यूटर व्यवस्था तथा परीक्षा प्रणाली के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने यह भी बताया कि इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय देशभर के विद्यार्थियों को घर बैठे गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करता है, जिससे उन्हें उच्च शिक्षा के नए अवसर प्राप्त होते हैं।
कार्यक्रम के अंत में श्री कौशिक दत्ता ने सभी प्रतिभागियों और विशेष रूप से इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय के प्रतिनिधियों का आभार प्रकट किया। उन्होंने बताया कि छात्रों के सभी सवालों के जवाब दिए गए और उन्हें इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय से जुड़ने हेतु प्रोत्साहित किया गया।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने भाग लिया और कार्यशाला(जागरूकता कार्यक्रम)को अत्यंत लाभकारी बताया। यह आयोजन न केवल जानकारीवर्धक रहा, बल्कि विद्यार्थियों के शैक्षणिक भविष्य को दिशा देने वाला सिद्ध हुआ।

