
उदित वाणी, जमशेदपुर: एनआईटी जमशेदपुर में आयोजित वन डे इंस्टीट्यूशनल विजिट प्रोग्राम के अंतर्गत डायमंड कॉम्प्लेक्स में रसायन विषय पर क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
इसमें जमशेदपुर विमेंस यूनिवर्सिटी की छात्राओं ने प्रथम स्थान तो प्राप्त किया ही, इसके साथ ही तीसरे स्थान पर भी कब्जा जमाया। क्विज प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन के लिए जमशेदपुर विमेंस यूनिवर्सिटी की कुलपति प्रो. अंजिला गुप्ता ने बीएससी केमिस्ट्री की छात्राओं के साथ विभागाध्यक्ष डॉ. अनामिका, डॉ. अन्नपूर्णा झा एवं डॉ. सरिता कुमारी को गुरुवार को बधाई दी।
प्रतियोगिता में अन्य कॉलेजों की छात्राएं भी शामिल हुई थीं। यूनिवर्सिटी की छात्राओं के प्रदर्शन पर कुलपति ने कहा कि यह प्रदर्शन उच्चस्तरीय है, क्योंकि हमारी छात्राएं अभी बीएससी में ही हैं, जबकि अन्य महाविद्यालयों से आए प्रतिभागी एमएससी के थे। साथ ही उन्होंने छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना भी की।
प्रथम स्थान पामेला वर्मा, अदिति, अंजली, चंदा और तान्या ने, जबकि तीसरा स्थान अंकिता गुप्ता, आकांक्षा, ऋतु और नेहा ने प्राप्त किया। यह कार्यक्रम साइंस एंड इंजीनियरिंग रिसर्च बोर्ड (एसइआरबी) के तत्वावधान में साइंटिफिक सोशल रिस्पांसिबिलिटी (एसएसआर) नीति के तहत आयोजित किया गया था।

