
उदितवाणी, जमशेदपुर : जमशेदपुर के करनडीह स्थित जिला पंचायत राज रिसोर्स भवन में आज “सशक्त पंचायत – नेत्री अभियान” के अंतर्गत महिला जनप्रतिनिधियों के लिए एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया. इस कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य था पंचायतों में महिला नेतृत्व को प्रोत्साहित करना और उन्हें नेतृत्व व विकास योजनाओं की जानकारी से सशक्त बनाना.
नेतृत्व कौशल और योजना की समझ — एक साथ
इस कार्यशाला में Revamped RGSA योजना के तहत जिले के विभिन्न प्रखंडों से चयनित महिला मुखिया और महिला वार्ड सदस्यों ने भाग लिया। कार्यक्रम में जिला परिषद अध्यक्ष श्रीमती बारी मुर्मू, उपाध्यक्ष श्री पंकज, जिला पंचायत राज पदाधिकारी श्रीमती रिंकू कुमारी और कार्यपालक पदाधिकारी डॉ. रजनीकांत मिश्रा भी उपस्थित रहे.प्रशिक्षण का उद्देश्य महिला जनप्रतिनिधियों को पंचायत संचालन, नेतृत्व विकास, और सरकारी योजनाओं की जानकारी देना था ताकि वे अपने क्षेत्रों में अधिक प्रभावी और भागीदारीपूर्ण भूमिका निभा सकें.
84 महिला प्रतिनिधियों ने बढ़ाया आत्मविश्वास
कार्यशाला में बहरागोड़ा, डुमरिया, मुसाबनी, धालभूमगढ़, गुड़ाबांदा, चाकुलिया, पोटका, पटमदा, बोडाम, घाटशिला और जमशेदपुर प्रखंडों से कुल 84 महिला जनप्रतिनिधियों ने भाग लिया. इनमें 71 महिला मुखिया और 13 महिला वार्ड सदस्य शामिल थीं. प्रतिभागियों को पंचायत सशक्तिकरण, विकास योजनाओं में भागीदारी और नेतृत्व कौशल से जुड़े विषयों पर गहन जानकारी दी गई. कार्यशाला में समूह चर्चाओं और सहभागिता आधारित गतिविधियों के माध्यम से महिलाओं को प्रोत्साहित किया गया कि वे स्थानीय विकास में नेतृत्वकारी भूमिका निभाएं.

