
उदित वाणी जमशेदपुर : रविवार दोपहर के समय मानगो पुल से एक महिला को कूदते हुए देखा गया। राहगीरों ने समय रहते उसे पकड़ लिया और सुरक्षित स्थान पर ले जाकर बचा लिया। सूचना मिलने पर स्थानीय थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और महिला को अपने संरक्षण में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार महिला का नाम हिना खातून (27 वर्ष) है और वह जुगसलाई की निवासी है। हिना ने पुलिस को बताया कि छह साल पहले उनकी शादी फिरोज नामक व्यक्ति से हुई थी, जो राज खरसावां का निवासी है। शुरूआती समय में दोनों का जीवन सामान्य था, लेकिन लगभग तीन साल पहले उनके बीच विवाद उत्पन्न होने लगा और वे अलग रहने लगे। इस बीच उनका एक बच्चा भी हुआ।
पुलिस को दिए बयान में हिना ने बताया कि पिछले दो साल से वह इमरान नामक व्यक्ति के साथ रह रही थी। इमरान दर्जी का काम करता है और उसने हिना को शादी का झांसा देकर उसके साथ यौन संबंध बनाए। हिना का कहना है कि इमरान ने लगातार शोषण किया और गर्भवती होने के बाद बच्चे को गिराने की बात भी कही। हिना फिलहाल तीन महीने की गर्भवती है और इमरान इस गर्भावस्था को लेकर उसे मानसिक रूप से दबाव बना रहा था।
रविवार को मानसिक तनाव के चलते हिना आत्महत्या के लिए मांगो पुल पर पहुंची। राहगीरों ने समय रहते उसे कुत्ते हुए देखा और पकड़कर सुरक्षित स्थान पर ले गए। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। थाना प्रभारी ने बताया कि महिला को सुरक्षित स्थान पर रखा गया है और उसकी मानसिक स्थिति का आकलन किया जा रहा है। साथ ही इमरान के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस अधिकारी ने कहा कि आरोपी को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है।

