
उदित वाणी जमशेदपुर : ओलिडीह थाना क्षेत्र की चुनासा कॉलोनी में 38 वर्षीय महिला रिजवाना परवीन ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इस घटना के बाद माइके वालों ने उसके पति अकबर अली पर हत्या का आरोप लगाया है। उनका दावा है कि अकबर का यह तीसरा विवाह था और हाल ही में उसने चौथी शादी करने की मंशा जाहिर की थी, जिससे पति-पत्नी के बीच विवाद गहरा गया था।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार की रात को दोनों के बीच विवाद हुआ, जिसके बाद रिजवाना ने अपने कमरे में जाकर फांसी लगा ली। हालांकि, रिजवाना के माइके वालों का आरोप है कि अकबर ने उनकी बेटी की हत्या कर उसे फांसी पर लटकाया है। उन्होंने इस संबंध में ओलिडीह थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में पता चला है कि रिजवाना की यह दूसरी शादी थी। पहले पति से उसकी एक 17 वर्षीय बेटी है, जबकि अकबर से उसे एक 8 वर्षीय बेटा है। पुलिस ने बताया कि रिजवाना काफी दिनों से बीमार चल रही थी और घटना की पूरी जांच के लिए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
इस घटना ने स्थानीय लोगों में चिंता और सनसनी फैला दी है। पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है ताकि आत्महत्या या हत्या के वास्तविक कारणों का खुलासा किया जा सके।
