
उदित वाणी, सरायकेला : चांडिल वन क्षेत्र के अंतर्गत नीमडीह थाना क्षेत्र के चातरमा गांव की जंगल-तराई में एक जंगली ट्रस्कर हाथी धान के खेत के दलदल में फंस गया है. भूख और कमजोरी के कारण हाथी कीचड़ में गिर गया और खुद से बाहर नहीं निकल पा रहा है.
आज सुबह ग्रामीणों ने हाथी को तड़पते देखा और तुरंत चांडिल वन क्षेत्र के पदाधिकारियों को सूचना दी. मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम ने हाथी का प्राथमिक उपचार शुरू कर दिया है तथा स्थानीय पशु चिकित्सकों व ग्रामीणों की मदद से उसे सुरक्षित निकालने के प्रयास तेज कर दिए हैं.
हाथी अभी जीवित है, लेकिन अत्यधिक थकान, निर्जलीकरण व कमजोरी के कारण उसकी हालत नाजुक बनी हुई है. वन विभाग के अधिकारी ने बताया कि सभी आवश्यक संसाधनों के साथ बचाव कार्य जारी है और जल्द ही हाथी को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया जाएगा.
ग्रामीणों का कहना है कि कई बार हाथी को बाहर निकालने की कोशिश की गई, लेकिन कीचड़ में फंसने से उसकी ताकत पूरी तरह खत्म हो चुकी थी. इस क्षेत्र में पिछले कुछ महीनों से हाथियों के झुंड के कारण फसल नुकसान व मानव-हाथी संघर्ष की घटनाएं बढ़ी हैं. पिछले माह भी चांडिल वन क्षेत्र में एक घायल हाथी का चार दिनों तक इलाज किया गया था.

