
उदित वाणी, चाकुलिया : चाकुलिया प्रखंड के शहरी और ग्रामीण इलाकों में जंगली हाथियों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है. शुक्रवार को नगर पंचायत क्षेत्र स्थित एफसीआई और एसएफसी गोदामों में एक जंगली हाथी ‘रामलाल’ ने घुसपैठ कर दी. हाथी ने गोदाम के शटर को तोड़ते हुए एक बोरा गेहूं और एक बोरा चावल खा लिया.
माचाडीहा जंगल से पहुंचा हाथी
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हाथी माचाडीहा जंगल से निकलकर पहले एफसीआई गोदाम पहुंचा. वहां दरवाजा तोड़कर उसने एक बोरा गेहूं निकाला और उसका एक हिस्सा खाकर बाकी फेंककर बर्बाद कर दिया. गोदाम में तैनात नाइट गार्ड ने पटाखा फोड़कर हाथी को वहां से भगाया.
कॉलोनी होते हुए पहुंचा एसएफसी गोदाम
हाथी फिर वाजपेयी कॉलोनी होते हुए नगर पंचायत कार्यालय के समीप स्थित एसएफसी गोदाम तक पहुंचा. यहां भी उसने शटर क्षतिग्रस्त किया और एक बोरा चावल खा लिया. शेष चावल जमीन पर गिराकर बर्बाद कर दिया.
वन विभाग की त्वरित प्रतिक्रिया
स्थानीय लोगों ने तुरंत वन विभाग को सूचना दी. जानकारी मिलते ही वन विभाग की क्युआरटी टीम मौके पर पहुंची और हाथी को हवाई पट्टी क्षेत्र के जंगल की ओर खदेड़ दिया.

