
उदित वाणी, जमशेदपुर : रविवार की शाम सोनारी थाना अन्तर्गत टिल्लु भट्ठा क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध हथियार बनाने का उपकरण, मादक पदार्थ और भारी मात्रा में नगद बरामद किया। यह कार्रवाई समीर सरदार और लखीन्द्र सरदार के मकान एवं गौदाम में की गई, जहाँ से 1.4 किलो गांजा, 7.65 बोर का एक पिस्तौल, 11 जिंदा कारतूस, ₹2,41,600 नगद, सोने की चैन, इलेक्ट्रॉनिक वजन मशीन, एप्पल का आईपैड, तीन मोबाइल फोन तथा आधार-पैन-मतदाता पहचान पत्र समेत कई दस्तावेज जब्त किए गए।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, 23 अगस्त की शाम करीब 4.30 बजे सूचना मिली थी कि दोनों आरोपी अपने सहयोगियों संग हथियार बनाने और गांजा की खरीद-बिक्री में सक्रिय हैं। वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक (नगर) के नेतृत्व में छापामारी टीम गठित की गई। टीम के पहुंचते ही घर के सदस्य मौके से फरार हो गए। इसके बाद स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में तलाशी ली गई।
गौदाम से हथियार निर्माण में प्रयुक्त लेथ मशीन, मिलिंग मशीन, ड्रिलिंग मशीन, ग्राइंडर, विद्युत मोटर, औजार तथा अर्धनिर्मित पिस्तौल के पार्ट्स भी बरामद किए गए।
एसएसपी ने कहा कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापामारी अभियान जारी है। उन्होंने इस कार्रवाई को संगठित अपराध पर कड़ा प्रहार बताया और कहा कि अपराधियों को हर हाल में कानून के शिकंजे में लाया जाएगा।

