
उदित वाणी, जमशेदपुर: टाटा स्टील यूटिलिटीज इंफ्रास्ट्रक्चर एंड सर्विसेज लिमिटेड (टाटा स्टील यूआईएसएल) ने जल संरक्षण और प्रबंधन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को दोहराते हुए बुधवार को विश्व जल दिवस मनाया.
टाटा स्टील यूआईएसएल के प्रबंध निदेशक रितुराज सिन्हा, जुस्को श्रमिक यूनियन के अध्यक्ष रघुनाथ पांडेय और टाटा स्टील के मुख्य कॉर्पोरेट सेवा प्रणय सिन्हा मौके पर मौजूद थे. इस वर्ष विश्व जल दिवस की थीम है-त्वरित परिवर्तन. मौके पर जल संरक्षण पर एक इंटरैक्टिव सत्र और जल प्रबंधन में चुनौतियों और अवसरों पर चर्चा आयोजित की गई.
इस कार्यक्रम में टाटा स्टील यूआईएसएल की विभिन्न जल संरक्षण पहलों को प्रदर्शित करने वाले सूचनात्मक स्टालों को भी प्रदर्शित किया गया.
जल संरक्षण हमारी प्राथमिकता: सिन्हा
दिन की शुरुआत सुबह 6 बजे कीनन स्टेडियम से एक रैली के साथ हुई, जिसे टाटा स्टील यूआईएसएल के प्रबंध निदेशक रितुराज सिन्हा और जुस्को श्रमिक यूनियन के अध्यक्ष रघुनाथ पांडे ने झंडी दिखाकर रवाना किया. रितुराज सिन्हा ने कहा कि हमें जल संरक्षण की दिशा में अपने योगदान पर बहुत गर्व है और यह आयोजन हमें जल संरक्षण के वैश्विक लक्ष्य के लिए अपना समर्थन देने का अवसर देता है.
विश्व जल दिवस समारोह के दौरान विभिन्न प्रतियोगिताओं और सत्रों का आयोजन किया गया, जिसमें सामुदायिक केंद्रों और स्कूलों में जल जागरूकता अभियान, रेडियो पर जल संरक्षण से संबंधित संदेश, एक पोस्टर/स्लोगन प्रतियोगिता, एक इंटरनेट प्रश्नोत्तरी और जल संरक्षण और जल से संबंधित एलईडी डिस्प्ले शामिल थी.
पानी की खपत को कम करने की कोशिश
टाटा स्टील यूआईएसएल टिकाऊ पहलों के माध्यम से पानी की खपत को कम करने और अपशिष्ट जल को रिसाइकिल करने के लिए प्रतिबद्ध है.
कंपनी ने कई वर्षा जल संचयन परियोजनाओं को लागू किया है और समुदाय आधारित जल संरक्षण पहल उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है. अपने समर्पित प्रयासों के माध्यम से टाटा स्टील यूआईएसएल का उद्देश्य संयुक्त राष्ट्र के सतत विकास लक्ष्य में योगदान करना है, जिसका उद्देश्य सभी के लिए जल और स्वच्छता की उपलब्धता और सतत प्रबंधन सुनिश्चित करना है.

