
उदित वाणी, रांची: राज्य के 80 उत्कृष्ट विद्यालयों के भौतिक संरचना को आदर्श मानकों एवं विद्यालय की आवश्यकता के अनुसार निर्मित किया गया है तथा विद्यालयों में आधुनिक एवं सभी आवश्यक व्यवस्थाओं समेत पुस्तकालय की व्यवस्था भी गई है तथा विद्यार्थियों को उपयोगी पुस्तकें, दैनिक समाचार पत्र, प्रतियोगी परीक्षाओं की पुस्तकों के साथ-साथ पत्र पत्रिका की व्यवस्था की गई है.
मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने सोमवार को खेलगांव स्थित टाना भगत स्टेडियम में झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद द्वारा आयोजित उत्कृष्ट विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्यों के राज्य स्तरीय सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे.
मुख्यमंत्री ने कहा कि विद्यार्थियों में विज्ञान के प्रति रूझान विकसित करने तथा उनमें वैज्ञानिक सोच को आगे बढ़ाने के लिए सभी 80 उत्कृष्ट विद्यालयों में विज्ञान लैब की अधिष्ठापना भी की जा रही है. लैब के साथ-साथ स्मार्ट क्लास की व्यवस्था की गई है. इसके माध्यम से हर दिन कम्प्यूटर की शिक्षा के साथ ही ई-कैंट के माध्यम से विषयवार विशेष जानकारी प्राप्त करने की सुविधा है.
उत्कृष्ट विद्यालयों में विभिन्न ट्रेड में व्यवसायिक शिक्षा की भी शुरूआत की गई और विद्यार्थियों में अपनी रूचि अनुसार अपने हुनर को आगे बढ़ाने की व्यवस्था की गई है.
ताकि भविष्य में वे अपने आजीविका को सहजता से आगे ले जा सके. इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने कहा कि विद्यालय का उत्तरोत्तर विकास एवं उन्नयन विद्यालय प्रबंध समिति द्वारा ही संभव है. विद्यालय प्रबंध समिति के सभी सदस्यों को भी निरंतर प्रशिक्षित किया जा रहा है ताकि वे अपनी जिम्मेवारी बखूबी निभा सके.

