
उदित वाणी, जमशेदपुर : सोन मंडप में विश्वकर्मा समाज द्वारा आयोजित भव्य पारिवारिक मिलन समारोह में अनुमानित 5000 से अधिक लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया. यह आयोजन समाज के सदस्यों को एकजुट करने, आपसी संबंध मजबूत करने और सामाजिक एकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से किया गया.
समाज के अध्यक्ष प्रदीप शर्मा ने बताया कि यह परंपरागत कार्यक्रम हर वर्ष आयोजित होता है, जो सदस्यों को एक-दूसरे से जोड़ता है और भाईचारे को प्रोत्साहित करता है. समारोह के दौरान शिक्षा, समाजसेवा, व्यवसाय सहित विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वालों को सम्मानित किया गया, जिससे वातावरण में उत्साह की लहर दौड़ गई. बच्चों, युवाओं, महिलाओं व बुजुर्गों की भारी संख्या ने इसे यादगार बना दिया.

प्रदीप शर्मा ने कहा कि यह मंच वैवाहिक संबंधों के लिए भी उपयुक्त है, जिससे समाज के युवाओं को बेहतर अवसर मिलते हैं. सांस्कृतिक कार्यक्रमों और परिचय सत्रों ने माहौल को जीवंत कर दिया. आने वाले नगर निगम चुनाव को देखते हुए यह आयोजन सामाजिक व नागरिक दायित्वों पर चर्चा का महत्वपूर्ण मंच साबित हुआ.
सौहार्दपूर्ण वातावरण में समारोह का समापन हुआ. समाज के लोगों ने भविष्य में ऐसे आयोजनों को जारी रखने का संकल्प लिया.

