
आज सड़कों पर दिखेगा विंटेज रैली का रोमांच, टाटा स्टील के एमडी टीवी नरेन्द्रन गोपाल मैदान में हरी झंडी दिखा करेंगे रवाना रैली का कार्यक्रम
सुबह 8 बजे : गोपाल मैदान में अतिथियों का आगमन
8.20 बजे : टाटा स्टील के एमडी टी वी नरेंद्रन रैली को फ्लैग ऑफ करेंगे
10.30 बजे : युुनाइटेड क्लब में वाहनों का आगमन व पुरस्कार वितरण
रैली के दौरान इन लैंडमाक्र्स से गुजरेंगी विंटेज कारें
भरूचा मेंशन
जुबली पार्क
यूनाइटेड क्लब
दोराबजी टाटा पार्क
कीनन स्टेडियम
सेंट जॉर्ज चर्च
विंटेज कार रैली में शामिल गाडिय़ों की निर्माण अवधि 1926 से 1983 तक
उदित वाणी, जमशेदपुर: दिवस समारोह के हिस्से के तहत आयोजित जमशेदपुर क्लासिक और विंटेज कार एंड बाइक रैली के दूसरे संस्करण को देखने के लिए शनिवार शाम को बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ गोपाल मैदान में दिखी.
दो दिन के इस कार्यक्रम में पहले दिन क्सासिक गाड़ियों की प्रदर्शनी लगी, जिसमें 70 क्लासिक गाड़ियों की भागीदारी रही. रैली 26 फरवरी को सुबह 8 बजे गोपाल मैदान से शुरू होकर यूनाइटेड क्लब तक जाएगी. सुबह 10 बजे यूनाइटेड क्लब में रैली के विजेताओं को पुरस्कृत किया जाएगा. टाटा स्टील के एमडी टीवी नरेन्द्रन रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे.
रैली के दौरान जिन लैंडमार्क्स को कवर किया जाएगा, उनमें भरूचा मेंशन, जुबली पार्क, यूनाइटेड क्लब, सर दोराबजी टाटा पार्क, कीनन स्टेडियम और सेंट जॉर्ज चर्च शामिल हैं.
इस वर्ष भाग लेने वाला सबसे पुराना वाहन 1926 संस्करण का ऑस्टिन 7 है, जिसे क्लासिक और विंटेज वाहन के शौकीन लोगों के बीच बेबी ऑस्टिन के रूप में भी जाना जाता है. रैली के दूसरे संस्करण में भाग लेने वाला सबसे कम उम्र का वाहन 1983 का फिएट होगा. ये वाहन न केवल जमशेदपुर के हैं बल्कि रांची, चाईबासा, कोलकाता, बड़ाजामदा और क्योंझर सहित झारखंड, ओडिशा और पश्चिम बंगाल राज्यों के भी हैं.
इस बार का थीम है-कोलोनियल इंडिया यानि औपनिवेशिक भारत. प्रदर्शित वाहनों की निर्माण अवधि 1926 से 1983 के बीच है. उल्लेखनीय है कि कंपनी और टाटा समूह के संस्थापक जमशेदजी नसरवानजी टाटा की दूरदर्शिता और स्मृति का सम्मान करते हुए 183वें संस्थापक दिवस समारोह के हिस्से के रूप में पिछले साल इस रैली का शुभारंभ हुआ था.
पिछले साल इस रैली में 40 से अधिक वाहनों ने भाग लिया था.


