
उदित वाणी, जमशेदपुर : बड़ाखुर्शी पंचायत के ग्रामीणों ने बुधवार को गौ चुमान (गायों की पूजा) और गोहाल पूजा काफी धूमधाम से मनायी. बड़ाखुर्शी, पैरागुड़ी, दारिसाई, कुलियाना, पुतरु, आमचुडिय़ा, छोटाखुर्शी आदि में ग्रामीणों ने गोहाल पूजा की.
पूजा के दौरान लकड़ी से बनाए गए गोरया देवता को गोहाल (पशुधन शेड) में विधि-विधान से स्थापित किया गया. इसके बाद गोरया देवता की विशेष पूजा हुई. गौ चुमान भी महिलाओं ने किया. पूजा के दिन महिलाएं उपवास रहकर धान के पके पौधे से मुकुट बनाकर सर में मोड़े के रूप में पशुओं का श्रृृंगार करती है.
वहीं, चावल की गुंडी से महिलाएं घर से लेकर गोहाल तक चोख (अल्पना) बनाती है. इससे होकर पूजन के बाद पशु बाहर निकलते हैं. इस दौरान कृृषि उपकरण हल, कुदाल, रक्सा, मेर, जुआठ आदि को धोकर पूजा भी की गयी. बता दें कि गोहाल पूजा और गौ चुमान के दूसरे दिन गुरुवार को गालूडीह थाना क्षेत्र के कई गांवों में खूंटाव का आयोजन होगा.
खूंटाव के पूर्व पशुओं को धोकर विशेष श्रृृंगार किया जायेगा. जिसके बाद महिलाएं पशुओं का पूजन कर आशीर्वाद लेगी. फिर गांंव के ताकतवर पशुओं का विशेष श्रृृंगार कर खूंटे में बांधा जायेगा.
