
उदित वाणी, जमशेदपुर : शहर में एक बहुचर्चित बिल्डर द्वारा ठगे गए दर्जनों पीड़ितों ने रविवार को अधिवक्ता कृपाल सिंह के नेतृत्व में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर अपना दर्द बयां किया. पीड़ितों ने बताया कि आरोपी बिल्डर आकाश अग्रवाल ने योजनाबद्ध तरीके से लोगों से करोड़ों रुपये ऐंठे और उनकी गाढ़ी कमाई हड़प ली.
पीड़ितों ने आरोप लगाया कि शिकायत दर्ज कराने के बावजूद पुलिस अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं कर रही. जब वे एफआईआर की प्रति लेने थाना पहुंचे तो थानेदार ने यह कहते हुए प्रति देने से इनकार कर दिया कि बिना एसएसपी कार्यालय से लिखित आदेश आए, प्रति नहीं दी जाएगी. इतना ही नहीं, पीड़ितों का दावा है कि थानेदार ने यह भी कहा कि यदि एफआईआर की प्रति दी भी गई, तो उस पर अलग तारीख डाली जाएगी. साथ ही, उन्हें मीडिया से दूरी बनाए रखने की नसीहत दी गई.
पीड़ितों ने थाना प्रभारी अविनाश कुमार पर आरोप लगाया कि वह जानबूझकर मामले में देरी कर रहे हैं और आरोपी बिल्डर का परोक्ष रूप से समर्थन कर रहे हैं. उनका कहना है कि न्याय में हो रही देरी से उनकी उम्मीदें लगातार खत्म हो रही हैं.
अधिवक्ता कृपाल सिंह ने कहा कि यह मामला सिर्फ कुछ लोगों का नहीं, बल्कि कई परिवारों के जीवन से जुड़ा है. उन्होंने प्रशासन से मांग की कि इस धोखाधड़ी की निष्पक्ष जांच हो और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाए. साथ ही, उन्होंने लोगों को आगाह किया कि आकाश अग्रवाल जैसे धोखेबाजों के झांसे में न आएं.
पीड़ितों ने जिला प्रशासन से जल्द न्याय दिलाने की गुहार लगाई और कहा कि यदि आवश्यक हुआ तो वे आंदोलन का भी रास्ता अपनाएंगे.

