
उदित वाणी, जमशेदपुर: एक्सएलआरआई के पीजीडीएम (जीएम) बैच 2022-23 की ओर से एक अनूठे प्रयास की शुरुआत की जा रही है. 28 जनवरी को ऑफलाइन मोड में इंजेनियम 3.0 का आयोजन किया जाएगा.
इसमें एक्सएलआरआई के विद्यार्थियों को देश के विभिन्न इंडस्ट्रीज के दिग्गज स्टार्टअप से जुड़ी एक-एक जानकारी देंगे. इस कॉन्क्लेव का थीम है स्टार्टअप पारिस्थितिकी तंत्र और प्रतियोगिता. इस कार्यक्रम को एक्सएलआरआई के ई सेल से जुड़े सौरभ कोठारी, अपराजिता चौधरी, आकाश राज शुक्ला, दिलप्रीत कौर, शिवांक चौधरी, सुरभि सिन्हा, उर्वशी कौल और एक्सएलआरआई पीजीडीएम (जीएम) स्टूडेंट द्वारा संचालित किया जाएगा.
इस दौरान इंजेनियम स्टार्टअप यात्रा, सफलता की कहानियां, कुछ प्रमुख स्टार्टअप द्वारा अपनाए गए मार्ग, और दुनिया के यूनिकॉर्न बनने के लिए उनके सामने आने वाली चुनौतियों से किस प्रकार निबटा जाए, इसपर चर्चा के साथ कई केस स्टडी भी प्रस्तुत की जाएगी.
एक्सएलआरआई के प्रो. कनक राज ने बताया कि स्टार्टअप प्रतिस्पर्धी बाजारों में नवाचार और नए बाजारों उत्पादों पर अपना ध्यान केंद्रित करने के साथ महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं. वे बाजारों को गतिशीलता प्रदान करते हैं और उपभोक्ता कल्याण को बढ़ाने के लिए अधिक कुशल तरीके प्रदान करते हैं.
इस पृष्ठभूमि में यह कॉन्क्लेव स्टार्टअप इकोसिस्टम और प्रतिस्पर्धा की बेहतर समझ बनाने के लिए विचारों के आदान-प्रदान के लिए विभिन्न हितधारकों को एक मंच पर साथ लाने का एक प्रयास है.
कॉन्क्लेव में मुख्य वक्ता के रूप में राजीव वारियर (ईवीपी वाधवानी उद्यमी, वाधवानी फाउंडेशन) द्वारा स्टार्टअप इको सिस्टम में बिजनेस स्कूल की भूमिका पर भाषण दिया जाएगा. इसके बाद एक अन्य मुख्य वक्ता सौरभ गर्ग (सह-संस्थापक, नो ब्रोकर डॉट कॉम) स्टार्टअप ऑर नॉट टू स्टार्टअप विषय पर चर्चा करेंगे.
उसके बाद संस्थापक पैनल- प्रत्यूष नल्ला ( संस्थापक, ऑफ बिजनेस), वरुण गुप्ता (संस्थापक, बौल्ट ऑडियो) के साथ इंडियन स्टार्टअप- ग्लोबल लीडर बनने के लिए रोडमैप पर पैनल चर्चा करेंगे.
एवेलो रॉय (प्रबंध निदेशक, कोलकाता वेंचर्स) और विशाल चौधरी (संस्थापक, जेटवर्क) भी अपनी बात रखेंगे. इसके बाद महिला उद्यमी द्वारा महिला उद्यमिता पैनल के साथ उद्यमिता और सामाजिक प्रभाव पर चर्चा होगी, जिसमें यशस्विनी रामास्वामी (सीरियल एंटरप्रेन्योर और सीईओ, ग्रेट प्लेस टू वर्क इंडिया), बसुधा श्रीवास्तव (संस्थापक और प्रबंध निदेशक, एक्सप्रेस अर्थ डिजिटल सर्विसेज) और दीप्ति टंडन, (सह-संस्थापक, कॉफी मग डॉट एआई सह पूर्व-सह-संस्थापक जीवन साथी डॉट कॉम शामिल होंगी.
वहीं अंत में अरिजीत भट्टाचार्य (संस्थापक, वर्चुअलइन्फोकॉम, वर्ल्ड लीडर समिट, एंटरप्रेन्योर्सफेस, कॉइनोवेटवेंचर्स), अभिजीत कुमार (सह-संस्थापक भागीदार) द्वारा लीग ऑफ फ्यूचर यूनिकॉर्न्स पर एक निवेशक पैनल होगा.

