
उदित वाणी, जमशेदपुर : सिखों के दसवें गुरु श्री गुरु गोविंद सिंह जी के चारों साहिबजादों-बाबा अजीत सिंह, बाबा जुझार सिंह, बाबा जोरावर सिंह एवं बाबा फतेह सिंह-की अद्वितीय शहादत को नमन करते हुए ‘वीर बाल दिवस’ के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी, जमशेदपुर महानगर के तत्वावधान में शुक्रवार को चित्र प्रदर्शनी सह विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया.
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य साहिबजादों के बलिदान, त्याग और साहस को स्मरण करते हुए युवाओं में देशभक्ति और नैतिक मूल्यों की भावना को जागृत करना रहा. इस मौके पर पूर्व सांसद एवं झारखंड भाजपा की प्रदेश प्रवक्ता ‘गीता कोड़ा’ मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं.
आयोजन के दौरान साहिबजादों के जीवन, संघर्ष और शहादत से जुड़े दुर्लभ एवं प्रेरणादायक चित्रों की प्रदर्शनी लगाई गई. साथ ही आयोजित विचार गोष्ठी में वक्ताओं ने कहा कि साहिबजादों का बलिदान भारतीय इतिहास का एक स्वर्णिम अध्याय है, जो समाज और युवाओं के लिए हमेशा प्रेरणास्रोत रहेगा.
वक्ताओं ने इस अवसर पर यह संदेश दिया कि साहिबजादों का त्याग केवल इतिहास नहीं, बल्कि राष्ट्र और समाज के प्रति कर्तव्यबोध की अमिट सीख है, जिसे आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना हर नागरिक का कर्तव्य है.

