
उदित वाणी, जमशेदपुर : सिख धर्म के दसवें गुरु श्री गुरु गोविंद सिंह जी के छोटे साहिबजादों-बाबा जोरावर सिंह और बाबा फतेह सिंह-की अमर शहादत के उपलक्ष्य में ‘भाजपा जमशेदपुर महानगर’ की ओर से वीर बाल दिवस श्रद्धापूर्वक मनाया गया. साकची स्थित जिला भाजपा कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम की शुरुआत साहिबजादों की तस्वीर पर पुष्पांजलि अर्पित कर की गई. इसके उपरांत वीर बाल दिवस पर विशेष प्रदर्शनी का शुभारंभ किया गया, जिसमें साहिबजादों के जीवन, संघर्ष एवं बलिदान को चित्रों और ऐतिहासिक तथ्यों के माध्यम से प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया.
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में ‘पूर्व सांसद व भाजपा की प्रदेश प्रवक्ता गीता कोड़ा’ तथा मुख्य वक्ता के रूप में ‘राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के महानगर कार्यवाह रविन्द्र जी’ उपस्थित रहे.

गीता कोड़ा ने कहा कि साहिबजादों का बलिदान धर्म, देश और आस्था के प्रति अटूट निष्ठा का प्रतीक है. मात्र 9 और 7 वर्ष की अल्पायु में उन्होंने मुगल शासक की प्रताड़ना के समक्ष झुकने के बजाय अपने प्राणों की आहुति दी. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा वर्ष 2022 से वीर बाल दिवस मनाने की पहल साहिबजादों को सच्ची श्रद्धांजलि है. उन्होंने युवाओं से उनके जीवन से प्रेरणा लेकर समाज में समरसता और राष्ट्र एकता को मजबूत करने का आह्वान किया.
मुख्य वक्ता आरएसएस के महानगर कार्यवाह रविन्द्र जी ने कहा कि नवाब वज़ीर खान के अत्याचार के बावजूद साहिबजादों ने धर्म का मार्ग नहीं छोड़ा. उन्होंने माता गुजरी को नमन करते हुए कहा कि ऐसे वीर बालकों को जन्म देने वाली माता स्वयं प्रेरणास्रोत हैं. उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों और युवाओं में राष्ट्रभाव, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा की भावना को प्रगाढ़ करते हैं.
कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला उपाध्यक्ष राजीव सिंह ने की, जबकि मंच संचालन *जिला महामंत्री अनिल मोदी* और धन्यवाद ज्ञापन *सह संयोजक रॉकी सिंह* ने किया.
इस अवसर पर बिरसानगर गुरुद्वारा में भाजपा नेताओं ने अरदास कर प्रसाद का वितरण किया. गुरुद्वारा प्रधान रौशन सिंह, बापन बनर्जी, चिंटू सिंह, रॉकी सिंह, बोलटू सरकार, मनप्रीत सिंह, अमरजीत सिंह, अवतार सिंह एवं सनी सिंह सहित अनेक श्रद्धालु मौजूद रहे.
कार्यक्रम में प्रदेश कार्यसमिति सदस्य मनोज सिंह, मिथिलेश सिंह यादव, जटाशंकर पांडेय, व्यवसायिक प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक नीरज सिंह, जिला संयोजक विजय तिवारी, सहित भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और सिख समाज के बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए.

