
उदित वाणी, जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम के चाकुलिया में वंदे भारत ट्रेन के डिब्बे और चक्कों के निर्माण के लिए फैक्ट्री लगाने की योजना है. बहरागोड़ा के विधायक समीर मोहंती ने इस बात की जानकारी साझा की है. बहरागोड़ा के विधायक समीर मोहंती ने कहा है कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के प्रयास से चाकुलिया में वंदे भारत ट्रेन के डब्बा और चक्का निर्माण की फैक्ट्री लगाने जा रही है. जो बहरागोड़ा विधानसभा क्षेत्र के लिए औद्योगिक क्रांति का नया अध्याय शुरू होने जा रहा है.
उन्होंने बताया कि यह पूर्वी जोन की पहली ऐसी मैन्युफैक्चरिंग यूनिट होगी, जो भारतीय रेल की महत्वाकांक्षी परियोजना बंदे भारत एक्सप्रेस के कोच तैयार करेगी. इसके तहत करीब 4000 करोड़ रुपए के निवेश से फैक्ट्री स्थापित की जाएगी, जो प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से 4000 लोगों को रोजगार प्रदान करेगी. उन्होंने बताया कि अब तक कंपनी ने लगभग 300 एकड़ का अधिकरण कर लिया है और अगले चरण में 400 एकड़ अतिरिक्त भूमि लेने की योजना है.
इस प्रकार कुल 700 एकड़ क्षेत्रफल में यह अत्याधुनिक रेल कोच फैक्ट्री स्थापित होगी. इस परियोजना को मूर्ति रूप देने हेतु झारखंड सरकार और कंपनी के बीच अगले माह एमओयू पर साइन किया जाएगा. यह फैक्ट्री न सिर्फ बहरागोड़ा विधानसभा बल्कि पूरे पूर्वी सिंहभूम जिला के आर्थिक विकास, रोजगार सृजन और औद्योगिक पहचान में क्रांतिकारी भूमिका निभाएंगी.

