
उदित वाणी, जमशेदपुर: इंडियन ब्लाइंड फुटबॉल फेडरेशन और दिव्यांग मार्गदर्शन ट्रस्ट जमशेदपुर के संयुक्त तत्वावधान में 17 मई बुधवार को ब्लाइंड फुटबॉल टूर्नामेंट का शुभारंभ टिनप्लेट स्पोर्ट्स काम्प्लेक्स में हुआ.
20 मई तक चलने वाले इस टूर्नामेंट नेत्रहीन पुरुषों की 7 वीं और नेत्रहीन महिलाओं का तीसरा संस्करण हो रहा है. टूर्नामेंट का उदघाटन मुख्य अतिथि पुरुषोत्तम गोडबोले, हेड ऑपरेशन मार्केटिंग, जेएफसी झारखंड ने किया. विशिष्ट अतिथि के रूप में सतनाम कौर कपिला, अरशद हुसैन, एम राहुल राज, तपाधीर भट्टाचार्य, हेमलता पी शिरोडकर, गाजिया हांदसा, बालाकृष्ण सुनील जेमात्सू मौजूद थे.
पुरूष और महिला दोनों मैच में उतराखंड की टीम बनी विजेता
उद्घाटन के बाद पहला मैच पुरुष वर्ग में उत्तराखंड बनाम तमिलनाडु के बीच खेला गया. इसके अलावा महिला वर्ग में तीन और पुरुष वर्ग में तीन मैच खेले गए. पहले मैच में उत्तराखंड ने तमिलनाडु को तीन गोल से पराजित किया.
गोल करने वाले खिलाड़ी का नाम हैं- शिवम सिंह, तुषार नेगी और साहिल. टूर्नामेंट का दूसरा मुकाबला महिला वर्ग के उत्तराखंड और उड़ीसा के बीच खेला गया. उत्तराखंड की टीम ने उड़ीसा को दो गोल से पराजित किया. अक्षरा कुमारी ने गोल किया. इस टूर्नामेंट में तीन चरणों में प्रतियोगिता के मैच खेले जाने हैं.
पहला राउंड लीग मैच का होगा, जबकि दूसरा और तीसरा राउंड नाक आउट होगा. दूसरे चरण में महिला और पुरुष वर्ग में कुल 4-4 टीमों के बीच सेमीफाइनल का मैच खेला जाएगा. अंतिम व चौथे दिन पुरुष और महिला वर्ग के दो फाइनल मुकाबले खेले जाएंगे.
15 राज्यों की टीम कर रही शिरकत
देश के चार जोन (क्षेत्रों) से आए 15 राज्यों की टीमें इस टूर्नामेंट में भाग ले रही हैं. ये टीमें झारखंड ,पश्चिम बंगाल , उत्तराखंड , तेलंगाना, मेघालय , उड़ीसा , अरुणाचल प्रदेश, केरला, तमिलनाडु, दिल्ली, गुजरात, नागालैंड, अरुणाचल प्रदेश और मध्य प्रदेश की है.
महिला वर्ग में 12 और पुरुषों वर्ग में 12 नेत्रहीन फुटबॉल टीमों के खिलाडियों से टीम प्रबंधक, टीम प्रशिक्षकों, भारतीय नेत्रहीन फुटबॉल फेडरेशन के शीर्ष अधिकारियों, पर्यवेक्षकों, निर्णायकों और मेजबान आयोजन समिति के अधिकारियों ने परिचय प्राप्त किया. इस दौरान राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय नेत्रहीन फुटबॉल खिलाड़ियों से भी मुख्य अतिथि ने परिचय प्राप्त किया.
अतिथियों ने सफल आयोजन की दी शुभकामनाएं
अतिथियों ने सभी राज्यों से आए महिला एवं पुरुष खिलाड़ियों, तकनीकी अधिकारियों एवं सहयोगियों की सराहना करते हुए सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं दी. साथ ही विश्व कप में भाग लेने वाली भारतीय नेत्रहीन महिला फुटबॉल टीम के चयन एवं एशिया कप हेतु भारतीय पुरुषों के नेत्रहीन फुटबॉल टीम के भी चयन एवं बेहतर प्रदर्शन के लिए मंगल कामना की.
उन्होंने कहा रि यह आयोजन राज्य और जिला के लिए खुशी का विषय है. हमें चार दिन तक विश्व स्तर के भारतीय महिला एवं पुरुष नेत्रहीन खिलाड़ी के खेल कौशल को देखने का मौका मिलेगा.
कार्यक्रम के दौरान आयोजन समिति के अध्यक्ष जे बेहरा ने मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों का स्वागत किया एवं स्वागत संबोधन दिया. वहीं दूसरी ओर आईबीएफएफ के शीर्ष पदाधिकारी सह पर्यवेक्षक सुनील जे मैथ्यू ने भारतीय नेत्रहीन फुटबॉल फेडरेशन का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया. आयोजन समिति के सचिव राजकुमार ने धन्यवाद ज्ञापन दिया. मंच का संचालन श्याम कुमार शर्मा एवं शंभू मुखी ने किया.
कार्यक्रम को सफल बनाने में इनका रहा योगदान
उद्घाटन कार्यक्रम को सफल बनाने में डॉ विजय मोहन सिंह, धीरज कुमार शर्मा, डब्ल्यू रहमान ,सुबोध चंद्र चटर्जी, राकेश उंराव, एम अरशद, नरेश कुमार, उपेंद्र बानरा, गोमिया सुंडी, संतोष कुमार, नीलू संवैया, सोनी बानरा, देवकी सामड, के गोपाल राव, शिवा राजू, प्रेम आनंद सामड, शंभू मुखी डूंगरी, सिद्धू सिद्धू सोय, गणेश राम, रेंगो सुंडी, कोंडया पूर्ति, रमेश चंद्र सुंडीएवं आयोजन समिति के सदस्यों का विशेष योगदान रहा.


