
उदित वाणी, जमशेदपुर: लौहनगरी जमशेदपुर के साकची स्थित गांधी आश्रम, बाराद्वारी में सोमवार से एक अनूठे प्रयास की शुरुआत हुई. गीता थिएटर और रॉबिन हुड आर्मी जमशेदपुर के संयुक्त तत्वावधान में झारखंड राज्य का पहला विशेष समर कैंप शुरू हुआ, जो कुष्ठ प्रभावित परिवारों के वंचित बच्चों के लिए समर्पित है. इस समर कैंप में 150 से अधिक बच्चे शामिल हुए हैं, जिनमें अधिकांश शहर के निम्न-मध्यवर्गीय और कुष्ठ आश्रम में निवास करने वाले परिवारों से हैं. यह कैंप 26 मई से 31 मई 2025 तक प्रतिदिन सुबह 7 बजे से 10 बजे तक संचालित होगा.
दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई शुरुआत
समर कैंप की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई. इस अवसर पर जिला कुष्ठ निवारण पदाधिकारी डॉ. मृत्युंजय धवड़िया, जिला कुष्ठ परामर्शी डॉ. राजीव लोचन महतो, अपाल इंडिया के उपाध्यक्ष जवाहर राम पासवान, रॉबिन हुड आर्मी से अरुण ठाकुर और गीता थिएटर की अध्यक्ष गीता कुमारी सहित संस्था के कलाकार व पदाधिकारी उपस्थित थे.

शिक्षा, कला और आत्मरक्षा का समन्वय
समर कैंप में बच्चों को नाटक, नृत्य, संगीत, चित्रांकन और खेल की गतिविधियों के माध्यम से सीखने का अवसर मिलेगा. इसके अलावा उन्हें स्वास्थ्य, स्वच्छता, ‘गुड टच-बैड टच’, नागरिक सुरक्षा और आत्मरक्षा के लिए मार्शल आर्ट की जानकारी भी दी जा रही है.
मुख्य धारा से जोड़ने का प्रयास
गीता थिएटर की अध्यक्ष गीता कुमारी ने बताया कि इस विशेष शिविर का उद्देश्य वंचित बच्चों को मुख्य धारा से जोड़ते हुए नैतिक शिक्षा प्रदान करना है. साथ ही, हिंसा और नशापान से दूर रहने के लिए उन्हें जागरूक करना, सामाजिक सहभागिता बढ़ाना और उनके भीतर छिपी प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना भी इस अभियान का हिस्सा है.
सहयोग से बनेगा यह प्रयास और सशक्त
इस नि:शुल्क शिविर को सफल बनाने के लिए गीता थिएटर शहर के प्रतिष्ठित व्यक्तियों, संस्थानों और उद्योगपतियों से निरंतर सहयोग की अपील कर रहा है. अब तक हिन्द आईटीआई, रोटरेक्ट क्लब ऑफ कालीमाटी, संपूर्ण आश्रय संस्था, लियो क्लब ऑफ जमशेदपुर और स्टील सिटी जमशेदपुर फेसबुक पेज जैसे संगठनों ने अपना समर्थन दिया है.

