
उदित वाणी, जमशेदपुर : उलीडीह थाना क्षेत्र के रामनगर रोड नंबर 1 स्थित स्वर्णरेखा नदी में शुक्रवार की सुबह एक महिला का शव बहते हुए मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया. शव को सबसे पहले पास से गुजर रहे कुछ स्थानीय युवकों ने देखा, जिन्होंने इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी. मौके पर पहुंची उलीडीह थाना पुलिस ने शव को पानी से बाहर निकलवाया और उसे अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.
पुलिस के मुताबिक महिला की उम्र करीब 30 से 35 साल के बीच है. शव तीन से चार दिन पुराना प्रतीत हो रहा है और पानी में बहने के कारण काफी सड़ चुका है. अभी तक मृतका की पहचान नहीं हो पाई है. शव को देखकर यह अनुमान लगाया जा रहा है कि महिला की मौत किसी और स्थान पर हुई होगी और उसका शव बहते हुए रामनगर इलाके तक पहुंच गया.
उलीडीह थाना प्रभारी ने बताया कि शव की स्थिति को देखते हुए यह स्पष्ट नहीं हो पा रहा है कि महिला की मौत दुर्घटनावश हुई है या फिर यह कोई आपराधिक मामला है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का पता चल सकेगा. पुलिस ने आसपास के थानों में गुमशुदगी की रिपोर्टों को खंगालना शुरू कर दिया है और स्वर्णरेखा नदी के किनारे बसे इलाकों में भी जानकारी जुटाई जा रही है.
स्थानीय लोगों के अनुसार, महिला को पहले कभी इस इलाके में नहीं देखा गया था. कुछ लोग आशंका जता रहे हैं कि महिला की हत्या कर शव को नदी में फेंका गया होगा. हालांकि पुलिस फिलहाल सभी संभावनाओं पर जांच कर रही है.
घटना के बाद से क्षेत्र में दहशत का माहौल है. पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी ने महिला को पहले देखा है या उसकी पहचान करता है तो तुरंत पुलिस से संपर्क करे, ताकि मामले की गुत्थी सुलझाई जा सके.

