
उदित वाणी, जमशेदपुर : उलीडीह थाना क्षेत्र में एक बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने से पहले ही पुलिस ने चार अपराध कर्मियों को हथियार के साथ गिरफ्तार कर लिया है. यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर 23 और 24 दिसंबर की मध्य रात्रि को की गई. मामले का खुलासा करते हुए जमशेदपुर सिटी एसपी कुमार शिवाशीष ने बताया कि गिरफ्तार अपराधियों की पहचान मोनी मोहंती, विकास मंडल, अंकित सिंह और प्रिंस कुमार के रूप में हुई है.
सिटी एसपी ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि उलीडीह थाना क्षेत्र में कुछ अपराधी एक गंभीर अपराध की योजना बना रहे हैं. सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छापेमारी की और चारों को धर दबोचा. तलाशी के दौरान अपराधियों के पास से एक देसी पिस्टल और दो जिंदा गोलियां बरामद की गईं.
पुलिस जांच में यह बात सामने आई है कि आदर्श नगर निवासी शिवम मिश्रा द्वारा मोनी मोहंती की भांजी के साथ कथित तौर पर छेड़छाड़ की गई थी. इसी घटना से आक्रोशित होकर चारों अपराधियों ने मिलकर शिवम मिश्रा की हत्या की साजिश रची थी. हत्या की योजना को अंतिम रूप देने से पहले ही पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया, जिससे एक बड़ी वारदात टल गई.
सिटी एसपी कुमार शिवाशीष ने बताया कि मुख्य आरोपी मोनी मोहंती एक कुख्यात अपराधी है, जिसके खिलाफ पूर्व से कुल 11 आपराधिक मामले दर्ज हैं. उसके आपराधिक इतिहास को देखते हुए पुलिस इस मामले को गंभीरता से लेते हुए आगे की कार्रवाई कर रही है. अन्य आरोपियों की भूमिका की भी गहन जांच की जा रही है.
पुलिस ने चारों अपराधियों को गिरफ्तार कर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. सिटी एसपी ने स्पष्ट कहा कि जमशेदपुर में कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी.

