
उदित वाणी, जमशेदपुर : उलीडीह थाना क्षेत्र के प्रदीप साव हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल चापड़ और खून से सने जलाए गए कपड़े बरामद करने के साथ छह आरोपियों को गिरफ्तार कर शुक्रवार को जेल भेज दिया है। एक आरोपी अब भी फरार है, लेकिन पुलिस ने उसका सुराग लगा लिया है और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है।
गिरफ्तार आरोपियों में शंकोसाई रोड नंबर 1 श्यामनगर का रूपेश कुमार उर्फ बेला (22), सोनू गोराई (32), शिबू गोराई उर्फ कंचू गोराई (26), शंकोसाई रोड नंबर 5 का ललित सिंह उर्फ लुधु उर्फ बाबू (19), कुंदन सिंह उर्फ कुंदन पोलियो (30) और उलीडीह रोड नंबर 5 बिरसा मैदान का रवि उरांव उर्फ लाला (29) शामिल हैं। सभी आरोपियों का आपराधिक इतिहास रहा है और अधिकांश पहले भी जेल जा चुके हैं।
पुलिस जांच में सामने आया कि प्रदीप और आरोपियों के बीच कोई बड़ा विवाद नहीं था। केवल “देख लेने” जैसे मामूली विवाद पर आरोपियों ने प्रदीप को रास्ते से हटाने का फैसला किया। योजना के तहत उसे नदी किनारे बुलाया गया और चापड़ से हमला कर उसकी हत्या कर दी गई। इसके बाद सभी ने मिलकर शव को नदी में फेंक दिया। पुलिस भी इस बात से हैरान है कि इतनी छोटी सी बात पर इतनी गंभीर अपराध की साजिश रची गई।
जांच के दौरान यह जानकारी भी सामने आई कि प्रदीप का नीक नाम ‘आतंक’ था और बस्ती में वह इसी नाम से जाना जाता था। वह पूर्व में जेल जा चुका था। उलीडीह थाना प्रभारी रविंद्र पांडेय ने बताया कि प्रदीप कुछ दिनों से लापता था और जांच में मामला हत्या का निकला, जिसके बाद पुलिस ने अपने ही बयान पर हत्या का मामला दर्ज किया।
फरार आरोपी आकाश सिंह उर्फ उकूल, शंकोसाई रोड नंबर 5 टावर मैदान के पास का रहने वाला है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीम लगातार प्रयास कर रही है।

