
उदित वाणी जमशेदपुर : उलीडीह थाना अंतर्गत शंकोसाई के श्यामनगर में रविवार से लापता 24 वर्षीय प्रदीप साहू का शव गुरुवार सुबह स्वर्णरेखा नदी के छठ घाट के पास बरामद हुआ। शव मिलने की खबर फैलते ही इलाके में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोग बड़ी संख्या में घटनास्थल पर जुटे और इसे हत्या करार देते हुए पुलिस से कड़ी कार्रवाई की मांग उठाई।
आक्रोश बढ़ने पर लोगों ने प्रदीप के शव को उठाकर उलीडीह थाना के पास मुख्य सड़क पर रख दिया और जाम लगा दिया। लगभग दो घंटे तक चले इस प्रदर्शन के दौरान संकोसाई रोड नंबर 1 पर वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं। ग्रामीणों का आरोप है कि संकोसाई रोड नंबर 1 और नदी किनारा शाम होते ही नशेड़ियों और असामाजिक तत्वों का अड्डा बन जाता है। उन्होंने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि समय पर निगरानी बढ़ाई जाती तो ऐसी घटनाएं टाली जा सकती थीं।

परिजनों ने भी मामले की जांच तेज करने और दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है। उनका कहना है कि प्रदीप रविवार शाम से लापता था, लेकिन शिकायत के बावजूद खोजबीन में पर्याप्त तत्परता नहीं दिखाई गई, जिससे संदेह और गहरा गया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, मामले में तीन संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। जांच कई बिंदुओं पर की जा रही है कि यह मामला आपसी विवाद, हादसा या किसी साजिश का परिणाम तो नहीं है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत का कारण स्पष्ट होगा।
थाना प्रभारी ने मौके पर पहुंचकर प्रदर्शनकारियों को कार्रवाई का आश्वासन दिया और कहा कि नदी घाट क्षेत्र में शाम के समय गश्त बढ़ाई जाएगी। साथ ही नशा करने वालों पर विशेष अभियान चलाया जाएगा।
पुलिस के आश्वासन के बाद जाम समाप्त हुआ, लेकिन इलाके में तनाव अब भी बना हुआ है। स्थानीय लोग दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।

