
उदित वाणी, जमशेदपुर : बोड़ाम थाना क्षेत्र के नामशोल गांव में शुक्रवार दोपहर करीब 1 बजे बारिश के दौरान वज्रपात की चपेट में आने से दो लोगों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान किसान प्रभाष सिंह (45) और मजदूर चक्रधर महतो (44) के रूप में हुई है। घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसर गया।
जानकारी के अनुसार, दोनों मृतक गोभी के खेत में काम कर रहे थे। काम खत्म करने के बाद वे दो अन्य मजदूरों के साथ नीम के पेड़ के नीचे बैठकर भोजन कर रहे थे। आधा खाना खाने के दौरान ही अचानक आकाशीय बिजली गिरी। इसकी चपेट में आने से प्रभाष सिंह और चक्रधर महतो की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि साथ में मौजूद अन्य दो मजदूर सुरक्षित बच गए।
घटना के बाद ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायलों को चिरूडीह नर्सिंग होम ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलते ही बोड़ाम थाना पुलिस गांव पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम मेडिकल कॉलेज भेज दिया। अचानक हुई इस घटना से मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया है। परिजन और ग्रामीण लगातार रो-रोकर विलाप कर रहे हैं।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि मृतकों के परिवारों को उचित मुआवजा और सहायता दी जाए। वहीं, स्थानीय लोगों ने कहा कि इस तरह की घटनाओं से बचाव के लिए जागरूकता बढ़ाने की जरूरत है।

