
उदित वाणी, जमशेदपुर : कदमा थाना क्षेत्र अंतर्गत रिवर व्यू इंग्लिश स्कूल के गेट के बाहर से दो छात्राओं के अचानक लापता होने की खबर से इलाके में हड़कंप मच गया। घटना बुधवार दोपहर की बताई जा रही है। लापता छात्राओं में शास्त्री नगर ब्लॉक नंबर-2 की रहने वाली 11 वर्षीय हबीबा और धातकीडीह निवासी 11 वर्षीय निदा शामिल हैं। दोनों एक ही कक्षा की छात्राएं बताई जा रही हैं।
सूचना मिलते ही कदमा पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक पूछताछ में पुलिस ने छात्राओं के परिजनों और स्कूल प्रशासन से जानकारी ली है। साथ ही आसपास के क्षेत्रों में सघन खोज अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने की प्रक्रिया भी शुरू की है।
परिजनों का कहना है कि छात्राएं नियमित रूप से स्कूल आती-जाती थीं और अब तक किसी तरह की समस्या की जानकारी सामने नहीं आई थी। अचानक दोनों के लापता होने से परिवारजन बेहद चिंतित हैं। परिजनों और स्थानीय लोगों ने पुलिस-प्रशासन से जल्द से जल्द बच्चियों की बरामदगी की मांग की है।
कदमा थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी संभावित पहलुओं पर जांच की जा रही है। पुलिस का दावा है कि बच्चियों को जल्द ही ढूंढ निकालने में सफलता मिलेगी। इस घटना से स्थानीय क्षेत्र में दहशत और बेचैनी का माहौल है।

