
उदित वाणी, जमशेदपुर : साकची थाना क्षेत्र के मुख्य सड़क पर स्थित टीवीएस शोरूम के पास शनिवार रात बदमाशों ने पार्किंग में खड़ी दो कारों का शीशा तोड़कर नकद रुपए और कीमती सामान की चोरी कर ली। घटना रात करीब 9 बजे की है। इस वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी फैलते ही मौके पर भारी भीड़ जुट गई और लोगों ने जमकर हंगामा किया।
मिली जानकारी के अनुसार, गोलमुरी निवासी प्रशांत सुमन अपनी कार से और सोनारी निवासी मेघा अपनी कार से शॉपिंग करने साकची पहुंचे थे। दोनों ने अपनी गाड़ियां टीवीएस शोरूम के पास पार्किंग में खड़ी की थीं। इसी बीच मौका पाकर अज्ञात बदमाशों ने दोनों कारों का शीशा तोड़ा और अंदर रखे नकद रुपए, कागजात और अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो गए।
पीड़िता मेघा ने बताया कि उनकी कार में कई जरूरी कागजात और निजी सामान रखा हुआ था, जो चोरी हो गया। वहीं प्रशांत सुमन ने दावा किया कि उनकी कार से नकद रुपए और हाल ही में खरीदे नए कपड़े गायब हैं। चोरी की वारदात के बाद दोनों वाहन मालिकों ने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के लोग भी मौके पर आ पहुंचे।
सूचना पाकर साकची थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने लोगों को शांत कराते हुए जांच शुरू की। मौके पर मौजूद पार्किंग कर्मियों से पूछताछ की गई और एक कर्मचारी को हिरासत में लेकर थाने ले जाया गया।
स्थानीय लोगों ने पार्किंग प्रबंधन पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि वहां सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं होते, जिससे इस तरह की घटनाएं घटित होती हैं। चोरी के बाद पार्किंग में गाड़ियां खड़ी करने को लेकर लोगों के बीच डर का माहौल है।
साकची थाना प्रभारी ने बताया कि घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान कर जल्द ही गिरफ्तारी की जाएगी। पुलिस का कहना है कि इस अपराध में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा और कार्रवाई शीघ्र होगी।

