
उदित वाणी, जमशेदपुर : सार्वजनीन दुर्गा पूजा कमिटी टुइलाडूंगरी के भव्य पूजा पंडाल का उद्घाटन शुक्रवार को राज्य के भूमि सुधार एवं परिवहन मंत्री दीपक बिरुवा ने दीप प्रज्वलित कर एवं नारियल फोड़कर किया. इस अवसर पर जुगसलाई विधायक मंगल कालिंदी, पूर्व विधायक कुणाल सारंगी, अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष हिदायतुल्लाह खान एवं मोहन कर्मकार भी उपस्थित थे.
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए मंत्री दीपक बिरुवा ने कहा कि दुर्गा पूजा बुराई पर अच्छाई और अन्याय पर न्याय की विजय का प्रतीक है. उन्होंने कहा कि इस पर्व में माँ दुर्गा की महिषासुर पर विजय का उत्सव मनाया जाता है, जो विशेष रूप से पश्चिम बंगाल और पूर्वी भारत में बड़े उत्साह से मनाया जाता है. जमशेदपुर में भी दुर्गा पूजा का विशेष महत्व है, जहां लाखों की संख्या में श्रद्धालु रातभर सड़कों पर निकलकर मां दुर्गा के दर्शन करते हैं और उत्सव का आनंद उठाते हैं.
कमिटी के महासचिव दिनेश कुमार ने जानकारी दी कि इस वर्ष का पंडाल पर्यावरण के अनुकूल (इको फ्रेंडली) बनाया गया है. पंडाल और मूर्ति के निर्माण में करीब 20 लाख रुपये की लागत आई है. श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए कार्यकर्ताओं की टीम लगातार तैनात रहेगी. पूजा पंडाल अब आम भक्तों के लिए खोल दिया गया है.

