
उदित वाणी, जमशेदपुर: झारखंड में गर्मी लगातार बढ़ रही है. राज्य के 24 में से छह जिलों का अधिकतम तापमान 42 डिग्री के करीब पास पहुंच चुका है. मौसम विभाग ने इसे लेकर अलर्ट जारी किया है और लोगों को दोपहर के समय बाहर नहीं निकलने की सलाह दी है. खास कर बच्चों को.
सो, अभिभावक चिंतित हैं कि सोमवार को स्कूल खुलेगा तो वे अपने बच्चों को इतनी गर्मी में स्कूल कैसे भेजेंगे. सरकारी के साथ-साथ निजी स्कूल भी प्रशासनिक आदेश के बिना कोई निर्णय नहीं लेना चाहते.
अब निगाहें उपायुक्त व स्कूली शिक्षा व साक्षरता विभाग के सचिव पर टिक गई हैं. उम्मीद की जा रही है कि रविवार शाम तक स्कूल का समय बदलने की चिट्ठी जारी हो जाएगी. शिक्षक संघ के लोग शनिवार देर शाम तक इस बाबत आदेश जारी होने का इंतजार करते रहे.
इससे पहले झारखंड प्राथमिक शिक्षक संघ पूर्वी सिंहभूम के जिलाध्यक्ष अरुण कुमार सिंह की अध्यक्षता में प्रतिनिधिमंडल ने विद्यालय के समय परिवर्तन के संबंध में उपायुक्त विजया जाधव को ज्ञापन सौंपा. इसमें कहा गया कि वर्तमान में जिले के विद्यालयों का संचालन प्रातः 7 बजे से दोपहर 1 बजे तक किया जा रहा है.
11 बजते ही आसमान से आग बरसने लगी है. अधिकांश छात्र-छात्राएं विद्यालयों में बेहोश हो रहे हैं तथा नाक से खून भी आने लगा है. छोटे-छोटे बच्चों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव दिखना शुरू हो गया है. अचानक तापमान में भी भारी वृद्धि हो गई है तथा गर्म हवा भी चलने लगी है. दोपहर 1 बजे भीषण गर्मी में छुट्टी के समय बच्चे 1 से 3 किलोमीटर पैदल सफर कर घर जाते हैं.
संघ ने डीसी से अनुरोध किया कि इन सब बातों का ध्यान रखते हुए वर्तमान समय में विद्यालय संचालन सुबह 6.30 बजे से 11.30 बजे तक करने का आदेश जारी किया जाए. शिक्षक संघ के प्रतिनिधिमंडल में संघ के संगठन सचिव अरुण कुमार एवं जमशेदपुर प्रखंड अध्यक्ष राजेंद्र कुमार कर्ण उपस्थित थे.
पूरे राज्य का मौसम शुष्क
पूर्वानुमान के अनुसार अगले कुछ दिनों में तापमान में बड़ा बदलाव तो नहीं होगा, लेकिन कुछ हिस्सों में आंशिक बादल छाए रहने और हल्की बारिश से लोगों को थोड़ी राहत जरूर मिलेगी.
भारतीय मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार पिछले 24 घंटे में राज्य का मौसम शुष्क रहा. कई शहरों का अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस से ऊपर जा पहुंचा हैं.
मौसम पूर्वानुमान के अनुसार 16 अप्रैल को पलामू, गढ़वा, चतरा, कोडरमा, लातेहार और लोहरदगा जिले में कहीं-कहीं गर्जन के साथ हल्की बारिश हो सकती है. 17 अप्रैल को पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां जिले में कहीं-कहीं गर्जन के साथ हल्की बारिश हो सकती है. 18 और 19 अप्रैल को आसमान मुख्यतः साफ रहेगा.
जबकि 20 अप्रैल को देवघर, धनबाद, दुमका, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़, साहेबगंज और गिरिडीह के कुछ इलाके में कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है. इस दौरान रांची में भी 15 से 18 अप्रैल तक आसमान में बाअंशिक बादल छाए रह सकते हैं. जबकि 18 और 19 अप्रैल को मौसम साफ रहने के बाद 20 अप्रैल को आंशिक बादल छाए रह सकते है.

