
उदित वाणी, जमशेदपुर : सड़क सुरक्षा को लेकर लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से ट्रैफिक पुलिस द्वारा लगातार अभियान चलाया जा रहा है. इसी क्रम में गुरुवार को मानगो स्थित वर्कर्स कॉलेज में मानगो ट्रैफिक पुलिस की ओर से एक विशेष सड़क सुरक्षा सेमिनार का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कॉलेज के छात्र-छात्राएं और शिक्षक उपस्थित थे.
सेमिनार का नेतृत्व मानगो ट्रैफिक इंस्पेक्टर हरिओढ़ करमाली ने किया. उन्होंने छात्रों को सड़क सुरक्षा से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तारपूर्वक जानकारी दी और ट्रैफिक नियमों का पालन न करने से होने वाले जोखिमों के बारे में बताया.
इंस्पेक्टर हरिओढ़ करमाली ने अपने संबोधन में कहा कि “सड़क सुरक्षा हर नागरिक की जिम्मेदारी है.” उन्होंने बताया कि आज के समय में अधिकांश सड़क हादसे लापरवाही, तेज गति से वाहन चलाने, मोबाइल फोन का उपयोग करने और हेलमेट या सीट बेल्ट न लगाने के कारण हो रहे हैं. उन्होंने छात्रों से अपील की कि वे स्वयं यातायात नियमों का पालन करें और अपने परिवार व समाज को भी इसके प्रति जागरूक करें.
उन्होंने कहा कि बाइक चलाते समय हेलमेट पहनना और कार में सीट बेल्ट लगाना जरूरी है. सड़क पार करते समय मोबाइल का प्रयोग न करें और हमेशा फुटपाथ या ज़ेब्रा क्रॉसिंग का उपयोग करें.
कार्यक्रम के दौरान उन्होंने यह भी बताया कि ट्रैफिक पुलिस शहर में नियमित रूप से ऐसे जागरूकता अभियान चला रही है, ताकि सड़क हादसों में कमी लाई जा सके.

