
उदित वाणी, जमशेदपुर: आज जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्रसमिति के कार्यालय में उप नगर आयुक्त की अध्यक्षता में नगरपालिका तकनीकी मार्ग समिति की बैठक आयोजित की गई. बैठक में शहर में यातायात प्रबंधन को सुदृढ़ बनाने और पार्किंग व्यवस्था को बेहतर करने के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा हुई.
बैठक के दौरान शहर में नई पार्किंग सुविधाओं के सृजन और मौजूदा पार्किंग स्थलों के उन्नयन पर विशेष ध्यान दिया गया. प्रमुख बाजार क्षेत्रों में उपलब्ध स्थानों की पहचान कर नए पार्किंग स्पेस विकसित करने और पार्किंग संवेदकों को पार्करों के लिए ड्रेस कोड सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए.
नए पार्किंग जोन और नो-पार्किंग जोन
साकची और बिष्टुपुर क्षेत्र में नए पार्किंग जोन विकसित करने की संभावनाओं पर विचार किया गया, ताकि व्यस्त बाजार क्षेत्रों में वाहनों के दबाव को कम किया जा सके और यातायात सुचारु रहे. बैठक में प्रमुख सड़कों एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में नो-पार्किंग जोन का स्पष्ट सीमांकन करने के भी निर्देश दिए गए, जिससे सड़क पर अनावश्यक पार्किंग से होने वाली यातायात बाधाओं को रोका जा सके.
वेंडिंग जोन और फुटपाथ प्रबंधन
सड़क किनारे अनियमित वेंडिंग को व्यवस्थित करने के लिए नए वेंडिंग जोन विकसित करने पर भी जोर दिया गया. इसका उद्देश्य यातायात प्रभावित न हो और फुटपाथ तथा सड़कों का बेहतर उपयोग सुनिश्चित किया जा सके.
भविष्य की योजना और नागरिकों से अपील
उप नगर आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि जमशेदपुर शहर में उपलब्ध पार्किंग क्षमता और पंजीकृत वाहनों की संख्या का आकलन किया जाए, ताकि भविष्य में आवश्यकतानुसार पार्किंग अवसंरचना विकसित की जा सके. उन्होंने आम नागरिकों और व्यवसायियों से अपील की कि वे अपने प्रतिष्ठानों के सामने सार्वजनिक स्थल को अतिक्रमण मुक्त रखें, अन्यथा एनफोर्समेंट टीम कार्रवाई कर सकती है.
बैठक में उपस्थित अधिकारी
बैठक में ट्रैफिक पुलिस के प्रतिनिधि, टाटा स्टील के प्रतिनिधि, अग्निशमन विभाग के अधिकारी, विशेष पदाधिकारी, लेखा पदाधिकारी और सिटी मैनेजर सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे.

