
उदित वाणी, जमशेदपुर : टेल्को थाना क्षेत्र के स्टेडियम के पास रविवार सुबह ट्रैफिक चेकिंग के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुबह करीब 9 बजे ट्रैफिक पुलिस की टीम नियमित वाहन जांच अभियान चला रही थी। इसी दौरान एक कार चालक बिना सीट बेल्ट लगाए तेज रफ्तार में स्टेडियम की ओर से आ रहा था। पुलिस ने उसे रुकने का संकेत दिया, लेकिन चालक ने अचानक तेज ब्रेक लगाते हुए गाड़ी को एक तरफ मोड़ दिया।
उसी समय सड़क से गुजर रहे एक बाइक सवार युवक को उसने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार सड़क पर दूर तक घिसटता चला गया और गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद सड़क पर अफरा-तफरी मच गई। कुछ ही मिनटों में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग जमा हो गए। घायल को देखकर लोगों में आक्रोश फैल गया और उन्होंने मौके पर चेकिंग कर रहे एक ट्रैफिक कर्मी को घेर लिया और कुछ देर के लिए बंधक बना लिया।
भीड़ का आरोप था कि चेकिंग के दौरान पुलिस की अचानक कार्रवाई से दुर्घटना हुई। उग्र भीड़ पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए नारेबाजी करने लगी। स्थिति बिगड़ती देख टेल्को थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और लोगों को समझा-बुझाकर ट्रैफिक कर्मी को सुरक्षित छुड़ाया।
वहीं, गंभीर रूप से घायल बाइक सवार को स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है। हादसे के बाद कार चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस जुट गई है।
स्थानीय लोगों ने मांग की है कि चेकिंग के दौरान वाहनों को रोकने की प्रक्रिया और सुरक्षा व्यवस्था और अधिक सावधानीपूर्वक की जाए। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पूरे मामले की जांच कर रही है।

