
उदित वाणी, जमशेदपुर : परसुडीह थाना क्षेत्र में मंगलवार रात महाकाल ट्रेडर्स के मालिक और चावल व्यापारी अमित सिंह के साथ मारपीट और लूटपाट की घटना हुई। यह वारदात हलुदबनी छोटा हनुमान मंदिर के पास मंगलवार की रात करीब 8 बजे घटी।
पीड़ित अमित सिंह ने बताया कि वे कार से घर लौट रहे थे, तभी रास्ते में कुछ युवक बाइक खड़ी किए हुए थे, जिससे रास्ता बाधित हो रहा था। जब उन्होंने उनसे बाइक हटाने का आग्रह किया, तो युवकों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। इस दौरान बनिया बस्ती निवासी अरमान नामक युवक वहां आया और गाड़ी रोककर बहस करने लगा। अमित सिंह के मुताबिक, अरमान ने धमकी देते हुए कहा, “कार से घूम रहा है, ज्यादा पैसा हो गया है तेरे पास, दो मिनट में सब शांत कर देंगे।”
बात बढ़ने पर अरमान ने अपने कुछ साथियों को बुलाया, जिनमें श्रवण नामक युवक समेत 5-6 लड़के शामिल थे। आरोप है कि सभी ने मिलकर अमित सिंह पर हमला कर दिया और मारपीट के दौरान उनके गले से सोने की चेन, अंगूठी और 530 ग्राम चांदी का ब्रेसलेट छीन लिया। मारपीट के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
अमित सिंह ने घटना की लिखित शिकायत रात करीब 8:30 बजे परसुडीह थाना में दर्ज कराई। लेकिन पुलिस टीम घटनास्थल पर करीब डेढ़ घंटे बाद पहुंची। मौके पर पहुंचे एसआई अरविंद कुमार ने फोर्स की कमी का हवाला देकर तत्काल कार्रवाई से इनकार कर दिया।
पुलिस की देरी से कार्रवाई और उदासीनता पर नाराजगी जाहिर करते हुए पीड़ित अमित सिंह ने कहा, “जब प्रशासन ही डरेगा, तो आम जनता क्या उम्मीद करे?”
घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। व्यापारियों ने भी पुलिस की धीमी कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं। इधर, पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।

