
जमशेदपुर: सरायकेला-खरसावां जिले में उप विकास आयुक्त रीना हांसदा की अध्यक्षता में आपूर्ति विभाग की एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला आपूर्ति पदाधिकारी गिरिजा शंकर महतो, सभी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी (एमओ), गोदाम प्रबंधक, राइस मिलर्स और अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS), दाल-भात योजना, डाकिया योजना, धान अधिप्राप्ति एवं भुगतान, चावल दिवस, सोना सोबरन धोती-साड़ी योजना, आयुष्मान भारत स्वास्थ्य कार्ड, ई-केवाईसी सहित विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई।
मुख्य निर्देश और निर्णय:
- उप विकास आयुक्त ने सभी कार्डधारकों को समय पर और उचित मात्रा में खाद्यान्न उपलब्ध कराने की प्राथमिकता तय करते हुए निर्देश दिया कि वितरण में किसी भी तरह की लापरवाही न हो।
- जिन डीलरों द्वारा कम प्रतिशत में राशन वितरण किया गया है, उन 10 डीलरों के स्टॉक का सत्यापन कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
- पीडीएस डीलरों द्वारा वितरण में गड़बड़ी संबंधी शिकायतों की स्थलीय जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने पर जोर दिया गया।
- धान अधिप्राप्ति में पारदर्शिता बनाए रखने और किसानों को समय पर भुगतान सुनिश्चित करने की बात कही गई।
आयुष्मान भारत योजना से शत-प्रतिशत योग्य लाभुकों को जोड़ने और कार्ड निर्माण की दिशा में जिला एवं प्रखंड स्तर पर ठोस कार्य योजना बनाने के निर्देश दिए गए।
गोदाम व्यवस्था को लेकर विशेष निर्देश:
उप विकास आयुक्त ने सभी JSFC गोदामों को सुव्यवस्थित रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गोदामों से अधिग्रहीत धान का समय पर उठाव हो, लेम्पस केंद्रों से भी धान उठाव में किसी प्रकार की देरी न हो। किसानों को समय पर भुगतान हो।
साथ ही गोदाम परिसर में साफ-सफाई, सीसीटीवी कैमरा, अग्नि सुरक्षा उपकरण, प्रकाश व्यवस्था तथा अन्य सभी आवश्यक व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए।
बैठक में विभागीय कार्यों की गति बढ़ाने, योजनाओं के सुचारु संचालन एवं लाभुकों तक समुचित सेवाएं पहुंचाने पर विशेष बल दिया गया।

