
उदित वाणी, चांडिल : आगामी 06 जुलाई 2025 को मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्द्रपूर्ण एवं विधिसम्मत ढंग से मनाने के लिए तिरुलडीह थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता कुकड़ू प्रखंड विकास पदाधिकारी राजश्री ललिता बाखला ने की, जबकि बैठक का संचालन तिरुलडीह थाना प्रभारी अविनाश कुमार ने किया.
बैठक में कुकड़ू अंचल अधिकारी सत्येंद्र नारायण पासवान, शांति समिति के सदस्य, मुहर्रम अखाड़ा कमिटी के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधिगण और सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित थे. बैठक में ताजिया जुलूस का मार्ग निर्धारण, सुरक्षा व्यवस्था, विधि-व्यवस्था संधारण, यातायात नियंत्रण और आवश्यक प्रशासनिक व्यवस्था पर चर्चा की गई.
बैठक में लिए गए निर्णय
मुहर्रम पर्व को पूर्व वर्षों की भांति सौहार्द्र और शांति के साथ मनाने का निर्णय लिया गया. जुलूस पूर्व निर्धारित मार्ग से ही निकाला जाएगा. सभी आवश्यक तैयारियां समयबद्ध रूप से सुनिश्चित की जाएंगी. आम नागरिकों से सहयोग, सजगता और अनुशासन बनाए रखने की अपील की गई है.
बैठक में उपस्थित लोग
कुकड़ू उप प्रमुख मोहम्मद एकराम, चोड़ा उप मुखिया लाल मोहम्मद अंसारी, कुकड़ू पंचायत समिति सदस्य प्रतिनिधि ठाकुर सिंह मुंड, तिरुलडीह सदर असगर अली, चौड़ा सदर मो. मेराज अंसारी, अखाड़ा कमिटी से शायेद अंसारी, अलीशार अंसारी, मजहर अंसारी, मईमुर अंसारी सहित अन्य सम्मानित सदस्य उपस्थित थे.

