
उदित वाणी, जमशेदपुर: आज दिनांक 15 सितंबर 2025 को कंपनी के कैंटन कॉन्फ्रेंस हॉल में यूनियन के पदाधिकारियों और प्रबंधन के पदाधिकारियों ने टिमकेंन इंडिया लिमिटेड जमशेदपुर प्लांट के कर्मचारियों के वित्तीय वर्ष 2024-25 के सालाना बोनस समझौता पत्र पर हस्ताक्षर किए।
समझौते के मुताबिक, 2024-25 के बने बोनस फॉर्मूला के आधार पर इस वर्ष 16.21 प्रतिशत बोनस मिलेगा। साथ ही साथ अगले वित्तीय वर्ष 2025-2026 के लिए भी बोनस का फार्मूला पैरामीटर तय कर दिया गया है। इस वर्ष के वेतन समझौते के अनुसार कर्मचारियों को न्यूनतम 85,000 रुपये और अधिकतम 1,20,000 रुपये और औसतन लगभग 1,02,000 रुपये बोनस मिलेगा।
बोनस की राशि का भुगतान 16 सितंबर 2025 को कर्मचारियों के बैंक अकाउंट में भेज दी जाएगी। लगभग 200 कर्मचारियों को बोनस का फायदा मिलेगा।
यूनियन के अध्यक्ष आस्तिक महतो और महासचिव विजय यादव ने बोनस समझौते के बारे में कहा कि यह यूनियन और प्रबंधन के सामूहिक प्रयास से हुआ है और यूनियन की प्राथमिकता हमेशा रहती है कि दुर्गा पूजा से पहले बोनस समझौता और बोनस की राशि कर्मचारियों को मिले, ताकि कर्मचारी बोनस की राशि को प्राथमिकता के आधार पर उपयोग कर सकें।

