
उदित वाणी, जमशेदपुर: टाटा स्टील सेफ्टी डिपार्टमेंट ने टाटा वर्कर्स यूनियन और टाटा स्टील यूटिलिटीज एंड इंफ्रास्ट्रक्चर सर्विसेज लिमिटेड के सहयोग से बुधवार को आम जनता के लिए सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया, जिसमें सड़क सुरक्षा नियमों के पालन करने वालों को पुरस्कृत किया गया. इसे लेकर जमशेदपुर के विभिन्न स्थानों पर सुरक्षा जागरूकता अभियान चला.
इससे पहले संजय मिश्रा, हेड सेफ्टी रेल एंड रोड, टाटा स्टील के नेतृत्व में सेफ्टी प्रोफेशनल टीम और टाटा वर्कर्स यूनियन (टीडब्ल्यूयू) के पदाधिकारी शाहनवाज आलम, संजीव तिवारी, सरोज कुमार सिंह, बैजू पंडित, जय शंकर सिंह, अमोलक सिंह ने सड़क सुरक्षा जागरूकता फैलाने और ट्राफिक नियम तोड़ने वालों को परामर्श दिया.
वे जमशेदपुर महिला विश्वविद्यालय, बेल्डीह चर्च ट्रैफिक आइलैंड आदि स्थानों का दौरा किए. यातायात नियमों का पालन करने वाले, हेलमेट पहनने वाले, पैदल पथ पर चलने वाले, जेब्रा क्रॉसिंग का उपयोग करने वाले लोगों की सराहना की गई और प्रोत्साहन और प्रशंसा के रूप में सांकेतिक उपहार दिए गए. सड़क नियमों का उल्लंघन करने वालों की काउंसलिंग की गई.
सड़क पर हेडफोन और मोबाइल का उपयोग करने वाले लोगों को भी इसमें शामिल जोखिम से अवगत कराया गया और उनकी काउंसलिंग की गई.
इस पूरे सत्र के दौरान टीएसयूआईएसएल का एक मोबाइल सेफ्टी वैन जागरूकता बढ़ाने के लिए सड़क सुरक्षा वीडियो दिखा रहा था. नरेंद्र मिश्रा, उप मुख्य प्रबंधक, सुरक्षा, संतोष पांडे, मैनेजर सेफ्टी के नेतृत्व में टीएसयूआईएसएल की सुरक्षा टीम ने जमशेदपुर के नागरिकों तक पहुंचकर और सकारात्मक प्रभाव पैदा करके जागरूकता सत्र में मदद की.


