
उदित वाणी, जमशेदपुर: टाटा स्टील चेस इंडिया रैपिड एंड ब्लिट्ज अपने चौथे संस्करण के साथ वापस आ गया है. पुरुष और महिला वर्ग दोनों के लिए टाटा स्टील चेस इंडिया रैपिड एंड ब्लिट्ज 29 नवंबर से शुरू होगा.
इस साल ओपन श्रेणी के अलावा एक अलग महिला टूर्नामेंट होने जा रहा है.2018 में अपने उद्घाटन संस्करण के बाद से यह टूर्नामेंट एक गेम-चेंजर रहा है. पिछले साल भारत के जी एम अर्जुन एरिगैसी ने टाटा स्टील चेस इंडिया रैपिड जीता जबकि लेवोन अरोनियन ने टाटा स्टील चेस इंडिया ब्लिट्ज जीता.
इस साल कोलकाता में एक्शन में दिखनेवाले एलीट ग्रैंडमास्टर्स वेस्ली सो, शखरियार मामेदयारोव, नोदिरबेक अब्दुसत्तोरोव, अर्जुन एरिगैसी, विदित गुजराती, गुकेश डोम्माराजू, अन्ना मुजिचुक, नाना डजग्निडेज़, अन्ना उशेनिना, हम्पी कोनेरू, हरिका द्रोणावल्ली आदि हैं. भारत की युवा ब्रिगेड जो अंतरराष्ट्रीय शतरंज परिदृश्य पर अपना प्रभाव बना रही है, वह भी एक्शन में नजर आएगी. यह पहली बार है कि महिला टूर्नामेंट का आयोजन ओपन टूर्नामेंट के बराबर पुरस्कार राशि के साथ किया गया है.
टूर्नामेंट के दौरान पांच बार के विश्व चैम्पियन विश्वनाथन आनंद टूर्नामेंट के एंबेसडर के साथ ही युवा खिलाड़ियों के मेंटर के रूप में भी मौजूद रहेंगे. टूर्नामेंट में उनकी उपस्थिति सभी खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है.
युवाओं की शानदार पीढ़ी है-विश्वनाथन आनंद
एफआईडीआई के डिप्टी प्रेसीडेंट और टूर्नामेंट एंबेसडर विश्वनाथन आनंद ने कहा कि हमारे पास युवाओं की एक शानदार पीढ़ी है. वह स्वर्णिम पीढ़ी जो अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व कर सकती है.
टाटा स्टील और यह टूर्नामेंट उन्हें सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों के साथ प्रतिस्पर्धा करने का एक शानदार अवसर दे रहा है और हमें उम्मीद है कि यह अनुभव उन्हें एलिट की दुनिया में प्रवेश करने का आत्मविश्वास और प्रेरणा देगा.
एफआईडीआई के शतरंज में महिलाओं के वर्ष में महिलाओं के टूर्नामेंट की शुरुआत एक स्वागत योग्य कदम है. हमें उम्मीद है कि यह और अधिक महिलाओं को इस खेल को अपनाने के लिए प्रेरित करेगा.
इस टूर्नामेंट को विश्व स्तरीय बनाना है-चाणक्य चौधरी
टाटा स्टील के कॉर्पोरेट सर्विसेज के वाइस प्रेसीडेंट चाणक्य चौधरी ने कहा कि टाटा स्टील का नीदरलैंड और भारत में शतरंज के साथ पुराना नाता है.
हमारा लक्ष्य आने वाले वर्षों में टाटा स्टील चेस इंडिया को बहुप्रतीक्षित और विश्व स्तरीय पेशेवर शतरंज आयोजन बनाना है. समानता और समावेशिता टाटा स्टील में हमारे लिए जीवन का एक हिस्सा है और इसी के अनुरूप महिला टूर्नामेंट को पुरुषों के टूर्नामेंट के समान प्रारूप और समान पुरस्कार राशि के साथ पेश किया गया है.
हम आशा करते हैं कि कोलकाता शहर के लोग और दुनिया भर में लाइव देखने वाले अन्य सभी लोग इसका आनंद लेंगे, जो एक कांटे के संघर्ष वाला टूर्नामेंट होने का वादा करता है.

