
उदित वाणी, जमशेदपुरः मौसम विभाग के अनुसार, 15 से 19 जुलाई तक रोजाना रूक-रूक कर वर्षा होने की संभावना जतायी गई है. बारिश के मौसम में शहर में बीमारियों की भी बरसात होने लगी है. कोरोना के साथ-साथ मलेरिया, डेंगू, जापानी बुखार के मरीज भी बढऩे लगे हैं. ऐसे में सभी को सावधान होने की जरूरत है. जिला सर्विलांस पदाधिकारी डा. साहिर पाल ने बताया कि बरसात के दिनों में हर साल मच्छरजनित बीमारियां बढ़ जाती है.
ऐसे में कोई भी लक्षण सामने आए तो उसे नजरअंदाज नहीं करें, बल्कि चिकित्सकों से मिलकर उसका इलाज कराएं. अभी एक लक्षण के कई बीमारी सामने आ गई है. ऐसे में मरीजों की पहचान करने में भी परेशानी हो रही है. बहरहाल, इन दिनों शहर में रोजाना रूक-रूक कर वर्षा हो रही है. इससे मौसम सुहाना हो गया है. बीते 24 घंटे में 28 एमएम वर्षा हुई है. वहीं, भारतीय मौसम विभाग के अनुसार, गुरुवार को भी हल्की वर्षा होगी. 16 जुलाई को जोरदार वर्षा हो सकती है. इसे लेकर मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है.
उस दिन बिजली गिरने की भी संभावना जताई गई है. ऐसे में घरों से निकलते समय विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है.
हालांकि जमशेदपुर में पिछले 48 घंटे से आंशिक एवं छिटपुट हो रही वर्षा से शहर का तापमान नीचे पहुंच गया है. शहर का तापमान सामान्य से 1.8 डिग्री सेल्सियस कम है. बीते पांच दिनों के तापमान पर नजर डालें तो बीते 9 जुलाई को 02 एमएम वर्षा हुई. जिसके कारण तापमान में मामूली गिरावट दर्ज की गई. 10 जुलाई से मानसून के फिर सक्रिय होने के कारण जमशेदपुर में 05 एमएम वर्षा हुई.
जिसके कारण तापमान सामान्य से चार डिग्री सेल्सियस नीचे पहुंच गया. 11 जुलाई को भी 05 एमएम वर्षा रिकार्ड की गई. 12 जुलाई को शहर का वर्षापात 8 मिलीमीटर रिकार्ड किया गया. जबकि 13 जुलाई को 5.9 रिकार्ड किया गया.

