
उदित वाणी, जमशेदपुर : बिष्टुपुर थाना अंतर्गत सीएच एरिया रोड नंबर-03 स्थित एक फ्लैट में 06 नवंबर की रात हुई चोरी की घटना का पुलिस ने महज 24 घंटे में पर्दाफाश कर लिया। पीड़ित प्रतीक आनंद नंदा द्वारा बिष्टुपुर थाना में 07 नवंबर को दर्ज कराई गई शिकायत में दो लैपटॉप, एक मोबाइल, एक हेडफोन, दो पर्स, 3000 रुपये नकद और महत्वपूर्ण दस्तावेज चोरी होने की बात कही गई थी।
घटना को गंभीरता से लेते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक नगर एवं पुलिस उपाधीक्षक (सीसीआर) के नेतृत्व में एक विशेष अनुसंधान टीम (एसआईटी) का गठन किया गया। टीम ने तुरंत घटनास्थल का निरीक्षण कर तकनीकी साक्ष्य, सीसीटीवी फुटेज एवं गुप्त सूचना तंत्र की मदद से त्वरित जांच प्रारंभ की। जांच के दौरान पुलिस ने चोरी में शामिल अज्ञात चोर की पहचान स्थापित की और संभावित ठिकानों पर छापेमारी अभियान चलाया।
छापेमारी के क्रम में पुलिस ने बेलडीह बस्ती, मरीन ड्राइव के पास रहने वाले सुनील पूर्ति उर्फ मुर्गी (24 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ और उसकी निशानदेही पर चोरी किए गए सभी सामान बरामद कर जब्त किए गए। बरामद सामानों में एचपी कंपनी के दो लैपटॉप, सैमसंग मोबाइल फोन, नोवाईज कंपनी का हेडफोन, दो पर्स, स्मार्ट वॉच और पर्स में रखे महत्वपूर्ण कागजात शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त पहले भी चोरी के मामलों में संलिप्त रहा है और उसका आपराधिक इतिहास दर्ज है। फिलहाल पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

