
उदित वाणी, जमशेदपुर: आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र के छठे चरण (बॉस्को नगर के पास) स्थित शांति सीमेंट कंपनी में आज तड़के करीब दो बजे चोरी की वारदात हुई। अज्ञात चोरों ने कंपनी के गॉर्ड के साथ मारपीट करते हुए बिजली के पैनल रूम का ताला तोड़ा और लगभग चार टन माल, जिसमें रड और अन्य सामान शामिल थे, लेकर फरार हो गए। इस चोरी की अनुमानित कीमत करीब दो लाख रुपये बताई जा रही है।

वारदात के दौरान चोरों ने गॉर्ड का मोबाइल फोन भी छीन लिया। जब आदित्यपुर पुलिस को सूचना मिली, तो चोर मौके से फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही शांति सीमेंट कंपनी के मैनेजर विवेक आनंद ने आदित्यपुर थाना में शिकायत दर्ज कराई।
शांति सीमेंट कंपनी पियूष नागोलिया द्वारा संचालित की जा रही है, जो न्यू हाउसिंग कॉलोनी, आदित्यपुर-01 के निवासी हैं। इस घटना के बाद स्थानीय उद्यमियों के बीच भय और दहशत का माहौल बन गया है।
इस मामले की गंभीरता को देखते हुए, इसरो के अध्यक्ष रुपेश कतरियार के नेतृत्व में उद्यमियों की एक टीम आदित्यपुर थाना प्रभारी विनोद कुमार तिर्की से मिली और मामले का त्वरित उद्भेदन करने का अनुरोध किया। साथ ही, उद्यमियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग भी की गई। थाना प्रभारी विनोद कुमार तिर्की ने उद्यमियों को विश्वास दिलाया और इस मामले में पुलिस की ओर से हर संभव सहयोग देने का आश्वासन दिया।

